अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधी योजना की 14वीं किस्त का वितरण कार्यक्रम राजस्थान के सीकर में गुरूवार को आयोजित हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सिंगल क्लिक के माध्यम से इस योजना के तहत प्रदेश के 76 लाख से अधिक किसानों के खातों में सीधे 1680 करोड़ रुपए से अधिक राशि ट्रांसफर की। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला व ब्लॉक व ग्राम पंचायत स्तर पर भी आयोजित कार्यक्रमों में देखा गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस दौरान किसानों को वर्चुअली संबोधित भी किया। उन्होने इस कार्यक्रम में सल्फर कोटेड भारत यूरिया देश के किसानों को समर्पित किया। गुरूवार को हरदा में जिला स्तरीय कार्यक्रम हवेली होटल में आयोजित किया गया है। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल ने मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार व प्रदेश सरकार मिलकर किसानों की भलाई के लिए नई-नई योजनाएं प्रारम्भ कर रही है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार खेती को लाभ का धन्धा बनाने के लिए कृत संकल्पित है। इसके लिए खेती की लागत कम करने और फसल का अच्छा मूल्य किसानों को दिलाने के उद्देश्य से सरकार ने कई निर्णय लिए हंै। किसानों को सिंचाई के लिए प्रदेश सरकार रियायती दर पर विद्युत कनेक्शन दिलाती है। इसके साथ ही उर्वरक पर भी अनुदान किसानों को दिया जाता है। जिले के किसानों को ग्रीष्मकालीन मूंग उत्पादन के लिए तवा नहर से भरपूर पानी सिंचाई के लिए उपलब्ध कराया गया। अब मूंग को समर्थन मूल्य पर सरकार खरीद रही है। एक वर्ष में तीन फसल लेने से किसानों के जीवन में खुशहाली आई है। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दर्शनसिंह गेहलोद, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती भारती राजू कमेड़िया, जिला भाजपा अध्यक्ष अमरसिंह मीणा, उपंसचालक कृषि एमपीएस चन्द्रावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद थे।
Views Today: 4
Total Views: 82

