अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के हितार्थ लाई गई लाड़ली बहना योजना में प्रदेश की सवा करोड़ से अधिक पात्र महिलाओं के खाते में गत 10 जून को एक-एक हजार रुपए की राशि जमा हो चुकी है। इसके बाद महिलाओं को दूसरी किस्त का इंतजार है। लेकिन इससे पहले राज्य सरकार प्रदेश की महिलाओं को एक और खुशी देने जा रही है। इसमें जो महिलाएं पहले दौर में लाड़ली बहना योजना के फॉर्म नहीं भर पाई थीं। वे आवेदन जमा कर इसका लाभ उठा सकेंगी। आपको बता दें कि पहले चरण में जो महिलाएं फॉर्म भर चुकी हैं और योजना का लाभ ले रही हैं, उन्हें अब दोबारा फॉर्म भरने की जरूरत नहीं है। उन्हें पहले की तरह इस योजना का लाभ मिलता रहेगा। मगर शेष रही महिलाओं के लिए फार्म जमा करने का यह दूसरा अवसर दिया जा रहा है।
आयु सीमा में हुआ परिवर्तन
जानकारी के अनुसार दूसरे चरण में जल्द ही लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरे जाएंगे। इस बार वे महिलाएं भी योजना का लाभ पाने के लिए फॉर्म भर सकेंगी, जो किसी वजह से फॉर्म जमा नहीं कर पाई थी। इसके दूसरे चरण की तैयारियां जोरों पर चल रही है। बताया जा रहा है कि इसके दूसरे चरण में अब 21 वर्ष की युवतियां भी लाभ ले सकंेगी जिन्हें पहले चरण में शामिल नहीं किया गया था। ज्ञात हो कि लाड़ली बहना योजना की 10 जून को लिस्ट आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कई घोषणाएं की, इनमें एक घोषणा यह भी है कि अब लाड़ली बहना योजना फार्म भरने वाली महिलाओं की उम्र 23 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष कर दी गई है। यानी अब 21 वर्ष की युवतियां और महिलाएं भी इसका लाभ ले सकेंगी। ऐसे में युवतियों और महिलाओं को एक बार फिर बेसब्री से फॉर्म भरने का इंतजार है। जो लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरने से रह गई, वे अब दूसरे चरण में फॉर्म भर सकती हैं।
हितग्राहियों की संख्या बढ़ेगी
लाड़ली बहना योजना के पहले चरण में लगभग सवा सौ करोड़ महिलाओं ने फार्म भरा था लेकिन दूसरे चरण में इस संख्या में तगड़ा इजाफा देखा जा सकता है। पिछली बार बहुत सी महिलाओं ने लाड़ली बहना योजना के नियम एवं शर्तों को पूरा नहीं किया था जिसकी वजह से उनके फार्म रिजेक्ट हो गए थे। ऐसे में लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भरने वाली महिलाएं नियम और शर्तें ध्यान से पढ़ लें।
अब 1 जुलाई से 15 अगस्त तक भरेंगे फॉर्म
सूत्रों ने बताया कि दूसरे चरण में लाड़ली बहना योजना के फॉर्म भरने की तारीख 1 जुलाई से 15 अगस्त तक रहेगी। लाड़ली बहना फार्म भरने के लिए महिलाओं को सभी नियम व शर्तों का पालन करना जरूरी है। ऐसा न करने पर उनके फॉर्म रिजेक्ट हो सकते हैं। आप अपने वार्ड ऑफिस में जाकर लाड़ली बहना योजना का फॉर्म भर सकेंगी। इसलिए नियमों का पालन करते हुए फार्म जमा कराएं ताकि इसके रिजेक्ट होने की नौबत सामने न आने पाए।
Views Today: 4
Total Views: 262

