बैतूल – मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में अंधी रफ्तार से दौड़ रहे डंपर ने बाइक को जबरदस्त टक्कर मार दी। इससे बाइक पर सवार पति पत्नी समेत एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर हालत में तीनों को जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया था जिसमें इलाज के दौरान पति और पत्नी की मौत हो गई वहीं एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार चिखली निवासी गणेश अंगारे उम्र 19 वर्ष, राजेश धुर्वे उम्र 30 वर्ष और संगीता धुर्वे उम्र 23 वर्ष रविवार दोपहर में रगड़गांव से वापस अपने गांव बाइक से जा रहे थे। आठनेर में स्थित मस्जिद के पास डंपर से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई ।जिसमें बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायलों को राहगीरों ने तत्काल आठनेर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया था जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों ही घायलों को 108 एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल बैतूल रेफर कर दिया गया था। राजेश धुर्वे की हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल से भोपाल रेफर कर दिया था लेकिन भोपाल ले जाते समय शाहपुर के पास उसकी मौत हो गई । राजेश की पत्नी संगीता धुर्वे की भी सोमवार सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। टक्कर में घायल होने से जिला अस्पताल में भर्ती गणेश की भी हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद पति–पत्नी के शव परिजनों को सौंप दिए हैं। आठनेर थाना पुलिस द्वारा डंपर चालक के खिलाफ धारा 279, 337, 304 ए के तहत मामला कायम दर्ज कर लिया है।
Views Today: 2
Total Views: 88

