Skip to content
Thursday, 22 October 2026
खंडवा

जान चली जाए, मैं बहनों का विश्वास टूटने नहीं दूंगा – शिवराजसिंह चौहान

4 min read
Text Size:

खंडवा। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान खंडवा पहुंचे। सड़कों पर उनका ऐसा स्वागत कभी नहीं हुआ। बेखौफ हर जगह रुके और लोगों से हाथ भी मिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 12 हजार करोड़ रुपए का लाडली बहनों के लिए इंतजाम कर रहा हूं। वृद्धावस्था पेंशन भी 6 सौ से बढ़ाकर एक हजार करने वाला हूं। 10 जून से लाडली बहनों के खातों में पैसा आना शुरू हो जाएगा। इससे साधारण बहनों की जिंदगी बदल जाएगी। मुख्यमंत्री के आने से पहले ही करीब कई कांग्रेसियों को ढूंढ ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया। कईयों को तो टांगा-टोली करके वाहनों में पुलिस ने भरा। अधिकतर को छैगांवमाखन थाने ले जाकर सीएम के जाने के बाद छोड़ा गया।

मुख्यमंत्री ने खचाखच महिलाओं से भरे पंडाल में भाषण की शुरूआत किशोर कुमार के गीत, फूलों का तारों का, सबका कहना है….. से की। उन्होंने कहा कि राखी के कच्चे धागे से आपके स्नेह में मुझे बांधा है। जान चली जाए, तुम्हारे विश्वास को टूटने नहीं दूंगा। मेरी जिंदगी का मकसद है, बहनों की जिंदगी में परिवर्तन लाना।

उन्होंने कहा, मैंने लाडली लक्ष्मी योजना बनाई। बेटी को नहीं बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। शिवराज बेटी को बोझ नहीं बनने देगा। पचास प्रतिशत चुनाव में आरक्षण मैंने लागू करवाया। शिक्षक भर्तियों में भी महिलाओं को पचास प्रतिशत, पुलिस में 30 प्रतिशत आरक्षण दिलाया। प्रापर्टी खरीदी में 1 प्रतिशत स्टाम्प शुल्क ही लगेगा।

कार्यक्रम में समय कम था। इसलिए मंत्रियों को भी भाषण का मौका नहीं मिला।

कमलनाथ पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से कमलनाथ पर जमकर निशाना साधा। सीएम ने कहा कि कमलनाथ की 15 महीने की सरकार ने गरीबों के जनकल्याण योजनाएं बंद की। सभा में सीएम ने कहा कि मध्यप्रदेश में जब कोई बेटी पैदा होगी तो उसका जीवन सुरक्षित करने के लिए सरकार की तरफ से जब वो पांचवी पास करके छठी में जाएगी तो दो हजार, आठवीं पास करके नवमी में जाएगी तो चार हजार दूंगा। दसवीं पास करके ग्यारवीं में जाएगी तो आठ हजार रुपए सरकार की तरफ से दिए जाएंगे, ताकि मेरी बेटियां और भांजी सुरक्षित रह कर पढ़ सके। सीएम ने पंचायत चुनाव में आधी सीटे बहनों के लिए सुरक्षित की।

विधायक ने गिनाए विकास

स्थानीय विधायक देवेंद्र वर्मा ने कहा कि शिवराजसिंह जैसा मुख्यमंत्री जरूरी है। हर वर्ग के विकास के लिए उन्होंने योजना बनाई। खंडवा विधानसभा में आई सिंचाई योजना व अन्य विकास के काम गिनाए। इस अवसर पर मंच पर वनमंत्री विजय शाह, जिले की प्रभारी व पर्यटन मंत्री ऊषा ठाकुर, सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, विधायक नारायण पटेल, राम दांंगोरे समेत काफी संख्या में नेता मौजूद थे।

रोड शो में जगह-जगह स्वागत

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर 2.50 बजे पहुंचे। नागचून हेलीपैड से नगर निगम तिराहे आकर यहां से डेढ़ किलोमीटर का रोड शो किया। रोड शो इंदिरा चौक तक चला। रोड शो के दौरान लगभग 50 स्थानों पर कार्यकर्ता-पदाधिकारियों सहित स्थानीय नागरिकों द्वारा मंच से मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

जाम की स्थिति बनी

सीएम के काफिले के शहर में पहुंचते ही जगह-जगह बेरिकेट्स लगा कर ट्राफिक रोक दिया गया। इस दौरान लोग परेशान होते दिखाई दिए। कई स्थानों पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई। बांबे बाजार से काफिला गुजरने पर तीन पुलिया से आने वाले यातायात को रेलवे स्टेशन के सामने ही रोक दिया गया। यहां भी लोग जाम में फंसे दिखाई दिए।

यह भी हुआ

सभा में मध्यप्रदेश के उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई थी। जहां मुख्यमंत्री ने ग्रामीण आजीविका बाजार में लाडली बहना के हाथ से जलेबी भी खाई। सीएम ने खंडवा महिला सम्मेलन में विभिन्न योजनाओं में हितलाभ वितरित किए। महिला सम्मेलन में बहनों ने लाडली बहना योजना के लिए लिखी पाती सीएम को भेंट की। स्थानीय कलाकारों के साथ आदिवासी नृत्य पर थिरके।

जिपं अध्यक्ष ने सीएम को सौंपा पत्र

जिला पंचायत अध्यक्ष कंचन तनवे ने सीएम चौहान को मंच पर जिले में बायपास रिंग रोड, माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय के खंडवा कैम्पस कर्मवीर विद्यापीठ के लिए भवन, पासपोर्ट कार्यालय स्थापित किए जाने, नवीन विकासखण्ड सिंगोट का गठन, सशस्त्र पुलिस बल की बटालियन का गठन, फूड प्रोसेसिंग यूनिट पार्क स्थापित करने, निमाड़ विकास प्राधिकरण का गठन, निमाड़ विश्वविद्यालय खंडवा की स्थापना करने, हवाई यात्रा हेतु एयरपोर्ट स्थापित करने एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की राशि शहरी क्षेत्र की राशि के समान करने की स्वीकृति को लेकर पत्र सौंपा।

118 Views
What do you think?

Leave a Reply