अनोखा तीर, हरदा। विश्व हिंदू परिषद की मातृशक्ति दुर्गा वाहिनी ने मंगलवार को भगवान श्रीराम के प्रकटोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलायें भगवा व पीली रंग की साड़ी पहने हुए थीं। वहीं सिर पर साफा व हाथों में धर्म ध्वजा लेकर चल रही थी। इस दौरान डीजे की धुन पर धार्मिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। मातृशक्ति की जिला संयोजिका रेखा विश्नोई ने बताया कि संगठन के इस आयोजन में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। संपूर्ण आयोजन में विहिप उपाध्यक्ष स्मिता दुबे, कमला सोनी, अर्चना दुबे, ममता राजपूत, मधु अग्रवाल, रानू मालवीय की सक्रिय भूमिका रही।
हजारों महिलाओं की सहभागिता
जानकारी के अनुसार मातृशक्ति द्वारा आयोजित शोभायात्रा को भव्यता प्रदान करने के लिए महिलाओं से अपने-अपने क्षेत्रों से दल बनाकर कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया था। यही वजह रही कि शोभायात्रा में महिलाओं का हुजूम देखने को मिला। शोभायात्रा में भगवान राम, लक्ष्मण, जानकी और रामभक्त हनुमान की सजीव झांकी आकर्षण का मुख्य केन्द्र रही।
नागरिकों ने खूब बरसाये फूल
शहर के प्रमुख मार्गो से होकर गुजरी शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। वहीं घर की छत से खूब फूल बरसाये गए। जिससे पूरा माहौल रामभक्ति में छूबा नजर आया। शोभायात्रा नार्मदीय धर्मशाला से घंटाघर चौक होते हुए चांडक चौराहा, पोस्ट ऑफिस, टांक चौराहा और परशुराम चौक से होकर गुजरी। इस दौरान महिलाएं भगवान श्रीराम के जयकारें लगा रहीं थी।
—न्यूज इन बाक्स—
रामनवमीं का मुख्य चल समारोह कल
इधर, हर साल की तरह हिन्दू उत्सव समिति के तत्वाधान में गुरूवार को रामनवमीं के मौके पर खंडवा बायपास स्थित हनुमान मंदिर से विशाल चल समारोह निकाला जाएगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही है। अलग-अलग चरण में बैठकों का दौर जारी है। वहीं चल समारोह को सफल बनाने के लिये समिति के सदस्यों को अलग-अलग दायित्व सौंपें हैं। समिति के अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने बताया कि रामनवमीं पर्व को रामराज्य उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। चल समारोह में 15 फीट की भगवान श्रीराम की प्रतिमा मुख्य आकर्षण का केन्द्र रहेगी। वहीं चल समारोह में सजीव झांकी व श्रीराम जन्मभूमि की झलक दिखेगी। इसके अलावा मलखम समेत अन्य हैरतअंगेज करतब दिखाए जाएंगे।







