-टूटे खंभों से हादसे का खतरा, बिजली कटौती से किसान परेशान
अनोखा तीर, बालागांव। ग्राम बालागांव के खेतों में बिजली व्यवस्था की बदहाली से किसान परेशान हैं। खेतों में कई जगह बिजली के तार इतने नीचे झूल रहे हैं कि उन्हें हाथ से छूना भी संभव है। वहीं बिजली के कुछ खंभे नीचे से पूरी तरह टूट चुके हैं और केवल ऊपर लटक रहे बिजली के तारों के सहारे खड़े हैं। ऐसे में खेतों में काम करने वाले किसानों और कृषि कार्यों के दौरान हादसे की आशंका बनी हुई है। किसानों का कहना है कि बिजली के झूलते तारों और टूटे खंभों की समस्या को लेकर वे कई बार बिजली विभाग में मौखिक और लिखित रूप से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। खेतों में फसल कटाई के दौरान हार्वेस्टर और अन्य कृषि मशीनों को निकालने में भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नीचे लटकते तारों के कारण मशीनों के तारों से टकराने और दुर्घटना होने का खतरा बना हुआ है।
बिजली कटौती से सिंचाई प्रभावित, पलेवा की चिंता
बिजली के तारों और खंभों की समस्या के साथ ही किसान लगातार हो रही बिजली कटौती से भी परेशान हैं। किसानों के अनुसार सरकार द्वारा दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की बात कही जाती है, लेकिन उन्हें पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। इससे आगामी गेहूं और चने की फसलों की बुवाई के लिए खेत तैयार करने और पलेवा करने में दिक्कत आ रही है। किसानों का कहना है कि खेती का काम समय पर पूरा करने के लिए पर्याप्त बिजली मिलना जरूरी है, लेकिन अनियमित आपूर्ति के कारण सिंचाई प्रभावित हो रही है। किसानों ने बिजली विभाग से मांग की है कि खेतों में नीचे झूल रहे बिजली के तारों को तत्काल ऊंचा किया जाए, टूटे हुए खंभों को बदला जाए और बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार किया जाए। समय रहते सुधार नहीं किया गया तो खेतों में कृषि कार्य के दौरान गंभीर हादसा हो सकता है।







