राजेश तिवारी, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम शहर के लिए गर्व की बात है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडियाÓ सपनों को साकार करते हुए एवं विदेशी निर्यात को बढ़ावा देने शहर में स्थित भारत सरकार के निगम एसपीएमसीआईएल की इकाई प्रतिभूति कागज कारखाना एसपीएम, नर्मदापुरम मध्यप्रदेश की नई पेपर मशीन द्वारा पहली बार विदेशी करेंसी नोट पेपर का ‘नेपाल देशÓ के लिए मुख्य महाप्रबंधक के मार्गदर्शन में उत्पादन किया गया। संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक दुर्गेशपति तिवारी द्वारा हरी झंडी लहराकर उक्त विदेशी करेंसी नोट के पेपर को प्रिंटिंग करने के लिए करेंसी नोट प्रेस नासिक के लिए रवाना किया गया। इंडिया सेक्युरिटी प्रेस, नासिक के महाप्रबंधक बेंकेटेश कुमार, करेंसी नोट प्रेस, नासिक के अपर महाप्रबंधक एसआर बाजपे एवं बैंक नोट प्रेस देवास के अपर महाप्रबंधक केएन महापात्रा की उपस्थिति में इस अवसर पर संस्थान के मुख्य महाप्रबंधक ने इस कार्य एवं कर्तव्य निष्ठा के लिए सभी अधिकारियों, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारियों और यूनियन के प्रतिनिधियों को बधाई दी। इस अवसर पर एसपीएम के अपर महाप्रबंधक पार्थो प्रीतम दास, वित्त प्रमुख विवेक तनेजा, उप महाप्रबंधक अखिलेश कुमार गुप्ता, प्रदीप शर्मा, संजीव गौतम, एसएन पात्रो, एमआर कोर्रम तथा यूनियन पदाधिकारी सहित सभी अधिकारियों, पर्यवेक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार एसपीएम यूनिट अन्य देशों के लिए भी करेंसी नोट पेपर के उत्पादन के लिए तैयार है।

