अनोखा तीर, सिराली। खेत तथा खाली भूखंडों में खुला बोरबेल अप्रिय हादसे को न्यौता देने के बराबर हैं। ऐसी स्थिति में संबंधित व्यक्ति के साथ-साथ क्षेत्रवासियों को जागरूकता का परिचय देने की आवश्यकता है। क्योंकि, यही खुले बोरबेल छोटे-छोटे बच्चों की जान पर बन आते हैं। यही कारण है कि इस समस्या के प्रति लोगों को सचेत होना पड़ेगा। तब कहीं जाकर ऐसे खतरों पर अंकुश लगेगा। इसको लेकर सिराली पुलिस ने क्षेत्रवासियों से अपील की है। जगह-जगह बकायदा सूचना-पत्र चस्पा किए हैं। जिस पर उल्लेखित है कि बोरबेल की घटनाओं को दृष्टिगत रखकर ओपन ट्यूबवेल का ध्यान रखें, उन्हें तुंरत बंद कर दें। अगर कोई व्यक्ति इससे अंजान है तो जागरूक लोग उसे समझाइश दें। इसके बावजूद कोई सुरक्षा इंतजाम में कोताही बरतता है तो पुलिस को सूचित करें। संबंधित के विरूद्ध वैद्यानिक कार्यवाही की जाएगी। सिराली थाना प्रभारी मदन पवार ने बताया कि बोरबेल का मुंह खुला होने के कारण छोटे-छोटे बच्चे उनमें गिर जाते हें, जो एक बड़ी घटना का रूप ले लेते हैं। ऐसे में आवश्यक है कि इस दिशा में कारगर कदम उठायें जाएं। इस बाबत जगह-जगह आम सूचना चस्पा की है, ताकि ये जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सकें। इस मुहिम में आमजन की सहभागिता अपेक्षित है।

