Skip to content
Saturday, 24 October 2026
खरगोन

परंपरागत रूप से होगा मुख्यमंत्री का स्वागत

3 min read
Text Size:

अनोखा तीर, खरगोन। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रस्तावित खरगोन जिले के प्रवास की तैयारियां तेज हो गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान यहां लाडली बहना योजना और पेसा एक्ट के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंगलवार सुबह कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा तैयारियों का जायजा लेने बिस्टान के अनकवाड़ी कार्यक्रम स्थल और हेलीपेड स्थल पहुंचे। कार्यक्रम स्थल अनकवाड़ी गाँव में आयोजित होगा। कलेक्टर श्री वर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर प्रदर्शनी, ग्रीन रूम, डी और वीआईपी, मीडिया गैलरी तथा जनसामान्य के बैठने के लिए कुर्सियों तथा आने जाने के लिए मार्ग और पार्किंग की व्यवस्थाएं देखी। कार्यक्रम स्थल पर डोम व जरूरत पड़ने पर पांडाल कुल 1 लाख वर्गफीट क्षेत्र में लगाया जाएगा। पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री श्री पंवार ने कार्यक्रम स्थल का मैप दिखाकर व्यवस्थाओं के बारे में बताया। इसके बाद कलेक्टर श्री वर्मा भगवानपुरा रोड के पास बन रहे हेलीपेड का भी अवलोकन कर तैयारिया देखी। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा, एसडीएम ओएन सिंह, पीडब्ल्यूडी कार्यपालन यंत्री विजय सिंह पंवार, जनपद सीईओ पवन शाह व बिस्टान सीएमओ बद्रीलाल पुर्दिया तथा अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

भगवानपुरा और झिरन्या के सरपंच लाएंगे मांदल

कार्यक्रम स्थल पर जिला पंचायत सीईओ श्रीमती ज्योति शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर झिरन्या और भगवानपुरा के सरपंच ढोल मांदल के साथ पहुचेंगे। वही सरपंच व पेसा एक्ट अंतर्गत गठित समितियों के अध्यक्ष आदिवासी वेशभूषा पहनकर कार्यक्रम स्थल पर आएंगे।

बिस्टान परीक्षा केंद्र का किया अवलोकन

निरीक्षण बाद कलेक्टर श्री वर्मा ने बिस्टान स्थित सीएम राइज स्कूल में बने परीक्षा केंद्र का भी अवलोकन किया। इस दौरान कक्षा 10वी का संस्कृत का पेपर चल रहा था।

मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों के लिए हुई गूगल मीट

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के 17 मार्च के कार्यक्रम की तैयारियों के सम्बंध में मंगलवार को कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा की। इस गूगल मीट में सभी सीएमओ, सीईओ, सीएमएचओ, डीडीए, डीपीएम, डीडीएच, आरटीओ और तहसीलदार जुड़े। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि समय बहुत कम बचा है। पूरी तैयारी चौकन्ने होकर करना है दी गई जिम्मेदारी के एक एक बिंदु की जानकारी रखते हुए अपने स्तर पर समीक्षा करें। जिन जीआरएस, सचिव व आंगनवाड़ी कार्यकर्त्ताओं ने सम्बंधित ग्राम पंचायत की 100 प्रतिशत ई-केवायसी कराई है तो मंच से सम्मानित कराया जाएगा। साथ ही मुख्यमंत्री के आगमन के लिए एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। कार्यक्रम लाडली बहना योजना तथा पेसा एक्ट की जागरूकता के लिए आयोजित हो रहा है। इसमें महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो सबसे महत्वपूर्ण बिंदु है इस पर गौर करें। साथ ही स्थानीय लोक गायकों द्वारा लाडली बहना योजना और पेसा एक्ट के गीतों की प्रस्तुति दी जाएगी।

108 Views
What do you think?

Leave a Reply