दैनिक अनोखा तीर, हरदा। श्री हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज द्वारा मध्यप्रदेश में सामाजिक जनगणना अभियान की शुरुआत की गई है। समाज के ही युवाओं द्वारा इस अभियान को मूर्त रुप दिया जा रहा है। हरियाणा गौड़ ब्राह्मण समाज के राष्ट्रीय संगठनमंत्री देवीलाल गील ने बताया कि इस जनगणना व सदस्यता अभियान में किसी से भी कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है, यह पूर्णतः निःशुल्क हैं। श्री गील ने कहा कि
जनगणना उपरांत संकलित जानकारी को एक पत्रिका का स्वरूप प्रदान करने का भी प्रयास किया जायेगा। ताकि समूचे मध्यप्रदेश में समाज को एक-दूसरे से वाकिफ कराने तथा शादी विवाह जैसे संबंधों के साथ ही व्यापार व्यवसाय की दृष्टि से भी यह उपयोगी सिद्ध हो सकें। इस सामाजिक जनगणना में समाज के जुझारू युवा अपना निःशुल्क योगदान दें रहें हैं। इसलिए समाजिक बंधुओं से भी अपील है कि उनका सहयोग करते हुए अपने अपने परिवार की विस्तृत जानकारी उपलब्ध करावे। इसमें परिवार के मुखिया सहित समस्त महिला पुरुष विवाहित बच्चों, अविवाहित बच्चों की जानकारी, उनकी शिक्षा तथा परिवार के व्यापार व्यवसाय संबंधी जानकारी भी दर्ज कराई जाये। राष्ट्रीय संगठनमंत्री देवीलाल गील ने कहा कि इस जनगणना से जहां प्रदेश में जिला व क्षेत्रीय स्तर पर सामाजिक संगठनों के विस्तार को बल मिलेगा वहीं प्रदेश और राष्ट्रीय कार्यकारिणी में भी प्रतिनिधित्व बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजस्थान, गुजरात, दिल्ली, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, मुंबई आदि स्थानों पर सामाजिक संगठनों के माध्यम से समाज सक्रिय भूमिका में नजर आती हैं उसी तरह मध्यप्रदेश में भी सामाजिक गतिविधियों का संचालन किया जाना चाहिए। लेकिन अभी तक हमारे अधिकांश सामाजिक बंधुओं को इस बात की जानकारी नहीं है कि प्रदेश में हमारा समाज कौन कौन से क्षेत्रों में निवासरत है और किस कार्यक्षेत्र में लगा हुआ है। इस सामाजिक जनगणना अभियान से सभी को एक दूसरे से वाकिफ होने में काफी मदद मिलेगी। फिलहाल उपरी तौर पर कुछ ही लोगों को पता है कि हमारा समाज मध्यप्रदेश के 26 जिलों में निवासरत है लेकिन कहां है क्या करता है आदि से अनभिज्ञ हैं। श्री गील ने सभी स्वजातीय बंधुओं से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की है।

