फर्जी अंकसूची से हासिल की नौकरी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पर होंगी एफआईआर

बैतूल। बैतूल जिले के मुलताई ब्लॉक के ग्राम जूनापानी के आंगनवाड़ी केंद्र में पदस्थ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा नियुक्ति के दौरान कक्षा आठवीं की फर्जी अंकसूची प्रस्तुत की गई थी। फर्जी अंकसूची से नौकरी हासिल करने का खुलासा एक ग्रामीण द्वारा सूचना के अधिकार के तहत जानकारी लेने पर हुआ है। ग्रामीण द्वारा परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना को इसकी जानकारी दी गई। इस पर प्रभारी परियोजना अधिकारी ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा है।
प्रभारी परियोजना अधिकारी एकीकृत बाल विकास परियोजना ने शुक्रवार को थाना प्रभारी को सौंपे आवेदन में बताया कि बबीता झरबड़े ग्राम जूनापानी के आंगनवाड़ी केंद्र में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता बतौर पदस्थ थी। बबीता झरबड़े ने अपनी नियुक्ति के दौरान कक्षा आठवीं की अंकसूची प्रस्तुत दस्तावेजों में संलग्न की थी। ग्रामीण नारायण खातरकर द्वारा सूचना के अधिकार के तहत बबीता झरबड़े की कक्षा आठवीं की अंकसूची के संबंध में जानकारी ली गई थी।
 जानकारी में प्रधान पाठक शासकीय माध्यमिक शाला जामठी द्वारा बबीता झरबड़े द्वारा नियुक्ति के समय प्रस्तुत की गई अंकसूची का मिलान करने पर यह अंकसूची उनके शाला द्वारा जारी नहीं होने और शाला द्वारा अंकसूची सत्यापित नहीं किए जाने की जानकारी दी है। बबीता द्वारा 10 जून 2022 को जिला कार्यालय में उपस्थित होकर अपना जवाब प्रस्तुत किया गया जो संतोषजनक नहीं पाया गया।
 प्रभारी परियोजना अधिकारी ने पत्र में सामान्य प्रशासन विभाग के परिपालन में बबीता झरबड़े को पद से पृथक करते हुए नियुक्ति दिनांक से पद से पृथक करने तक दिए गए मानदेय की राशि की वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित किए जाने के लिए बबीता झरबड़े के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध थाना प्रभारी से किया है।
172 Views

Leave a Reply