Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

नर्मदा तट हंडिया आयेंगे महामंडलेश्वर उत्तम स्वामी

2 min read

दैनिक अनोखा तीर, हरदा। महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के नेतृत्व में 14 नवंबर 2021 से विशाल पैदल नर्मदा परिक्रमा यात्रा प्रारंभ की गई थी। इस नर्मदा परिक्रमा यात्रा का समापन 2 मई 2022 को सीहोर जिले के नर्मदा तट आंवलीघाट पर किया गया था। महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज के सानिध्य में 182 यात्रियों ने 165 दिनों में 3445 किमी की यात्रा पूरी की थी। जिसके समापन समारोह में विभिन्न स्थानों से महामंडलेश्वर और संतगण उपस्थित हुए थे। इस समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी उपस्थित थे। इस नर्मदा परिक्रमा यात्रा दौरान स्वामीजी ने जहां जहां यात्रा पड़ाव दिया था और वहां की धर्मप्रेमी जनता ने परिक्रमा वासियों की निस्वार्थ भाव से सेवा की थी, स्वामी जी उसी मार्ग पर समर्पण मां नर्मदा आभार यात्रा के तहत पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। नर्मदा परिक्रमा दौरान स्वामीजी के साथ रहें पर्यटन विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष तपन भौमिक, मुख्यमंत्री के अनुज व यात्रा के सह प्रभारी नरेंद्र सिंह चौहान भी इस आभार यात्रा में शामिल हैं।

महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 ईश्वरानंद उत्तम स्वामी महाराज 27 अगस्त शनिचरी अमावस्या के दिन प्रातः 11 बजे रिद्धेश्वर मंदिर हंडिया आयेंगे। यहां कमल फ्रेंड्स क्लब द्वारा स्वामीजी का अभिनंदन किया जायेगा। वहीं महाआरती पूजन उपरांत दोपहर 12 बजे से स्वामीजी लेगा मेरिज गार्डन में आशीषवचन देंगे। यहां भोजन प्रसादी पश्चात यह आभार यात्रा ओंकारेश्वर के लिए प्रस्थान करेंगी।

181 Views

Leave a Reply