अनोखा तीर, हरदा। शहर के डॉ एपीजे अब्दुल कलाम वार्ड क्रमांक 31 के रहवासी बिजली की आँखमिचोली से खासे त्रस्त हो गए हैं। बार – बार फाल्ट, ऊपर से क्षेत्र के लाइनमेन की मनमानी से स्थानीय लोग परेशान हैं। ख़ासकर बारिश के मौसम में समस्या ज्यादा गहरा रही है। यह समस्या बैरागढ़ वासियों विद्युत विभाग के उप महाप्रबंधक वतन खाड़े को बताई। वार्डवासियों ने कहा कि यह कोई आज या कल की समस्या नहीं हैं, बल्कि महिनो से यही हाल हैं। वहीं व्यवस्था सुधार के बजाय व्यवस्था और ज्यादा लड़खड़ाने लगी है। दरअसल, स्थानीय लोगों ने अपनी यह समस्या भाजपा जिला मंत्री व पार्टी के वार्ड प्रभारी नितेश बादर को बताई। जिस पर वार्ड प्रभारी श्री बादर ने सबसे पहले क्षेत्रीय विधायक एवं प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के संज्ञान में यह बात लाए। जिसे सुनने के बाद श्री पटेल ने उप महाप्रबंधक वतन खाड़े से मोबाइल पर चर्चा की। इस दौरान कृषि मंत्री ने बारिश का मौसम, उस पर बार बार कटौती की शिकायत मिलने पर नाराजगी जाहिर की। वहीं जल्द ही बैरागढ़ क्षेत्र की विद्युत समस्या का प्राथमिकता से समाधान करने की बात कही। उन्होंने वार्डवासियों को भी आश्वस्त किया।कहा कि जल्द ही व्यवस्था ठीक हो जाएगी। एक बार अधिकारी से मिलकर समस्या के मुख्य कारणों से अवगत करा दीजिए। इसके बाद वार्ड प्रभारी नितेश बादर के साथ दर्जनों वार्डवासी विद्युत वितरण कंपनी के कार्यालय पहुंचे। जहां उप महाप्रबंधक वतन खाड़े से मुलाक़ात की। क्षेत्र में बार बार बिजली गुल होने की समस्या बताई। सत्यनारायण मास्टर, राजा कोगे, पंडरीनाथ बांके और गोविन्द बिल्लोरे ने कहा कि लाइनमेन द्वारा खासी लापरवाही बरती जा रही है। समस्या व उसके समाधान को लेकर उनके द्वारा कोई संतोषजनक जबाव नहीं देते हैं।उनकी कार्यप्रणाली से वार्डवासियों में नाराजगी व्याप्त है। उन्होंने इस बात पर जोर देते हुए कहा लाइनमेन को बदले जाने की जरूरत है। लोगों की समस्याएं सुनने के बाद उप महाप्रबंधक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि एक दो दिन में व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। इस संबंध में वार्ड प्रभारी श्री बादर ने बताया कि क्षेत्र के लोगों ने अपनी समस्या से अवगत कराया था। इसको लेकर बड़ी संख्या में लोग आए थे। जिससे कृषि मंत्री कमल पटेल को अवगत कराया था। जिन्होंने तुरंत विभागीय अधिकारी को आवश्यक निर्देश प्रदान कर दिए हैं। हम भी विद्युत कंपनी के अधिकारी से मिले हैं। इसके बाद वार्डवासियों को व्यवस्था सुधार की उम्मीद है। इस मौके पर मुकेश शर्मा, अनीस रावत, नर्मदा प्रसाद, राजेश बामने, बलराम और दुर्गालाल सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे।

