Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने सौंपा ज्ञापन

3 min read
16 6

-तीन सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेशव्यापी आंदोलन का ऐलान
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा प्रशिक्षकों की लंबित समस्याओं, वीटीपी कंपनियों के कथित शोषण एवं विभागीय संविलियन की मांग को लेकर आज 25 नवंबर 2026 को जिला हरदा के समस्त व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने जिला शिक्षा अधिकारी को तीन सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से प्रशिक्षकों ने विगत 10 वर्षों से चली आ रही समस्याओं, वेतन भुगतान में अनियमितता, मानदेय विसंगति, सेवा असुरक्षा एवं वीटीपी कंपनियों की मनमानी को प्रमुखता से उठाया।
वीटीपी आउटसोर्सिंग व्यवस्था तत्काल समाप्त हो
व्यावसायिक शिक्षा में कार्यरत वीटीपी कंपनियों की आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त की जाए। जिला एवं संभाग स्तर पर शासकीय निगरानी तंत्र उपलब्ध होने के बावजूद प्रशिक्षकों के मूल मानदेय 25,000 रुपए प्रतिमाह में से बड़ी राशि कमीशन के रूप में लेने वाली व्यवस्था पर रोक लगाई जाए। प्रशिक्षकों का वेतन सीधे विभाग के माध्यम से जिला स्तर पर भुगतान किया जाए।
मानदेय में वृद्धि एवं समान कार्य, समान वेतन लागू हो
वर्तमान महंगाई दर एवं अन्य राज्यों (दिल्ली एवं हरियाणा) में लागू मानदेय व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पिछले 10 वर्षों से मात्र 20,000 रुपए के अल्प मानदेय को बढ़ाकर न्यूनतम 40,000 रुपए प्रतिमाह किया जाए। साथ ही वार्षिक वेतनवृद्धि निर्धारित की जाए, ताकि प्रशिक्षकों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।
विभागीय संविलियन एवं सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए
वर्ष 1998 के अंशकालिक व्यावसायिक व्याख्याताओं की भांति स्पष्ट जॉब पॉलिसी बनाकर प्रदेश के समस्त व्यावसायिक प्रशिक्षकों का स्कूल शिक्षा विभाग में विभागीय संविलियन किया जाए तथा 62 वर्ष की आयु तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ज्ञापन प्राप्त करने के पश्चात जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रशिक्षकों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आगामी प्रदेशव्यापी आंदोलन के संबंध में ज्ञापन को आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल को प्रेषित करने का आश्वासन दिया, ताकि प्रशिक्षकों की तीन सूत्रीय मांगों एवं वर्तमान परिस्थितियों से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जा सके।
प्रदेशव्यापी आंदोलन की तैयारी तेज
महासंघ द्वारा स्पष्ट किया गया है कि यदि आगामी विधानसभा सत्र से पूर्व उपरोक्त तीन सूत्रीय मांगों के निराकरण के संबंध में ठोस निर्णय नहीं लिया जाता है, तो भोपाल में अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल एवं व्यापक आंदोलन प्रारंभ किया जाएगा। यह आंदोलन मांगों के पूर्ण निराकरण तक जारी रखने का संकल्प लिया गया है। जिला हरदा के समस्त व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों से प्रदेश के हजारों प्रशिक्षक पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ शासकीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा प्रदान कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें सम्मानजनक मानदेय, समय पर वेतन एवं सेवा सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। प्रशिक्षकों ने शासन-प्रशासन से मांग की कि उनकी न्यायोचित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर व्यावसायिक शिक्षा व्यवस्था को शोषणमुक्त, पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाए।

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply