Skip to content
Thursday, 26 November 2026
हरदा

चार करोड़ के चावल का मामला

3 min read
21 6

-पावतियों के सत्यापन में सामने आई ट्रकों की हकीकत, हरदा नहीं पहुंची थी खेप
-14 ट्रकों में दर्ज था 4,763 क्विंटल चावल
-ट्रांसपोर्टर ने पेश की थीं वेयरहाउस की पावतियां
-सत्यापन के बाद कटनी भेजी गई जानकारी

अनोखा तीर, हरदा। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत गरीबों को वितरित होने वाले चावल की आपूर्ति में सामने आए करीब चार करोड़ रुपये के मामले में अब पावतियों के सत्यापन के बाद स्थिति स्पष्ट होने लगी है। कटनी से हरदा के लिए रवाना किए गए 14 ट्रकों में दर्ज 4,763.77 क्विंटल चावल हरदा नहीं पहुंचने का मामला सरकारी दस्तावेजों में सामने आया था। वहीं, ट्रांसपोर्टर द्वारा वेयरहाउस की पावतियां प्रस्तुत कर सभी ट्रकों के संबंधित जिलों तक पहुंचने का दावा किया गया था। जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर किशन केसरवानी ने कटनी पहुंचकर चावल की आपूर्ति के समर्थन में वेयरहाउस से प्राप्त पावतियां अधिकारियों को सौंपी थीं। इसके बाद इन पावतियों का संबंधित जिलों में सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान जिन ट्रकों की खेप हरदा नहीं पहुंचने की पुष्टि हुई, उनकी जानकारी कटनी कार्यालय को भेजी गई। इससे चावल की ढुलाई और प्राप्ति को लेकर उठे सवाल और गंभीर हो गए हैं।
7 सितंबर को कटनी प्रबंधन को लिखा था पत्र
मध्यप्रदेश स्टेट सिविल सप्लाइज कॉर्पोरेशन लिमिटेड के हरदा जिला कार्यालय के प्रबंधक ने 7 सितंबर 2026 को पत्र क्रमांक परिवहन/2026-27/170 के माध्यम से कटनी जिला प्रबंधन को 14 ट्रकों का चावल अप्राप्त होने की जानकारी दी थी। पत्र के साथ संलग्न सूची में प्रत्येक ट्रक का नंबर, रवाना होने की तारीख और चावल की मात्रा दर्ज थी। सूची के अनुसार कुल 9,610 बोरियों में 4,763.77 क्विंटल फोर्टिफाइड चावल हरदा पहुंचना दर्ज था, लेकिन उसकी प्राप्ति नहीं हुई थी।
मई से अगस्त 2025 के बीच रवाना हुए थे ट्रक
रिकॉर्ड के मुताबिक 24 मई से 1 अगस्त 2025 के बीच अलग-अलग तारीखों में 14 ट्रकों से चावल भेजा जाना दर्ज है। इनमें कुछ ट्रकों में 300 से 400 क्विंटल तक चावल लोड होना बताया गया है। हरदा कार्यालय की सूची में इन ट्रकों की प्राप्त मात्रा का विवरण खाली है।
जांच और कार्रवाई पर टिकी नजरें
मामले में कांग्रेस जिला अध्यक्ष मोहन साईं बिश्नोई ने पीडीएस व्यवस्था में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की जांच की मांग की है। वहीं, अनुसूचित जाति-जनजाति के प्रदेश अध्यक्ष राहुल पवारे ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की ईओडब्ल्यू से उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी। अब पावतियों के सत्यापन के बाद कटनी कार्यालय को भेजी गई जानकारी के आधार पर आगे की जांच और कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब ट्रकों में चावल भेजा जाना दर्ज था, तो उसकी हरदा में प्राप्ति क्यों नहीं हुई और इस पूरी आपूर्ति व्यवस्था में जिम्मेदारी किसकी थी?

0 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply