-भजन-कीर्तन से गूंजा धर्मशाला परिसर
-कान्यकुब्ज महिला संगठन के आयोजन में लड्डू गोपाल का आकर्षक श्रृंगार
अनोखा तीर, हरदा। कान्यकुब्ज महिला संगठन हरदा द्वारा 19 नवंबर को कान्यकुब्ज ब्राह्मण धर्मशाला में अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। आयोजन में भगवान लड्डू गोपाल का आकर्षक पुष्पों से श्रृंगार कर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद भगवान को भोग अर्पित कर समाज की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। महिलाओं ने धार्मिक भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। आयोजन में संगठन अध्यक्ष शिखा दुबे, सचिव आभा तिवारी, कार्यक्रम संयोजक मधु मिश्रा, सांस्कृतिक सचिव वंदना अवस्थी, रोशनी तिवारी, नीलम वाजपेयी, लता मिश्रा, निर्मला दुबे एवं शोभा तिवारी सहित संगठन की अन्य सदस्यों ने सहभागिता की। सचिव आभा तिवारी एवं कार्यक्रम संयोजक मधु मिश्रा ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, सहयोग और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन समाज के लोगों को एक-दूसरे से जुड़ने और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। इसके पश्चात शाम 7 से रात 9 बजे तक स्वरुचि भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजबंधुओं ने सपरिवार शामिल होकर प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक सचिव वंदना अवस्थी ने सभी समाजजनों एवं आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।







