-99 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ पहले पकड़े गए दो तस्करों से पूछताछ में सामने आया था नाम
-झालावाड़ से पुलिस ने दबोचा
अनोखा तीर, हरदा। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सिराली पुलिस ने 20 लाख रुपए कीमत की 99 ग्राम एमडी ड्रग्स की तस्करी से जुड़े मामले में राजस्थान के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान देवीसिंह परिहार (राजपूत), निवासी ग्राम रोजाना, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, 17 नवंबर को ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास से राजस्थान निवासी विकास और बनेसिंह को 99 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने देवीसिंह का नाम बताते हुए उससे एमडी ड्रग्स खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद सिराली पुलिस की टीम आरोपियों को साथ लेकर राजस्थान के झालावाड़ पहुंची। वहां बताए गए स्थान पर दबिश देकर देवीसिंह को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उसने दोनों आरोपियों को एमडी ड्रग्स बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हरदा न्यायालय में पेश किया है। पुलिस रिमांड के जरिए उससे मादक पदार्थों की सप्लाई के अन्य स्रोतों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी खिरकिया अश्वनी के निर्देशन में थाना प्रभारी सिराली उपनिरीक्षक सीताराम पटेल सहित पुलिस टीम द्वारा की गई।
20 लाख की एमडी ड्रग्स मामले में राजस्थान का एक और आरोपी गिरफ्तार

0 Views
What do you think?






