-गाड़ी आने से महज 4-6 मिनट पहले मिलती है प्लेटफार्म की जानकारी
-विधायक प्रतिनिधि संजय जैन ने डीआरएम को लिखा पत्र
अनोखा तीर, हरदा। हरदा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए डिस्प्ले बोर्डों की अव्यवस्था परेशानी का कारण बनी हुई है। प्लेटफार्मों पर लगे कई डिस्प्ले बोर्ड अधिकांश समय बंद रहते हैं या उन पर गलत एवं अधूरी जानकारी प्रदर्शित होती है। वहीं, ट्रेनों के आगमन और प्लेटफार्म नंबर की जानकारी भी गाड़ी आने के महज 4 से 6 मिनट पहले दी जाती है। इससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर विधायक प्रतिनिधि संजय जैन ने मंडल रेल प्रबंधक डीआरएम भोपाल मंडल को शिकायती पत्र भेजकर रेलवे स्टेशन की सूचना व्यवस्था में तत्काल सुधार करने की मांग की है। पत्र में बताया गया है कि कई बार डिस्प्ले बोर्ड पर पिछली ट्रेन की जानकारी ही प्रदर्शित होती रहती है। इससे यात्रियों को आने वाली ट्रेन के प्लेटफार्म नंबर और कोच की स्थिति की सही जानकारी नहीं मिल पाती। सबसे अधिक परेशानी तब होती है, जब ट्रेन के आगमन से कुछ मिनट पहले ही प्लेटफार्म की जानकारी सामने आती है। संजय जैन ने बताया कि कम समय मिलने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को एक प्लेटफार्म से दूसरे प्लेटफार्म तक पहुंचने में परेशानी होती है। कई बार जल्दबाजी में यात्री अपना कोच तलाश नहीं पाते और उनकी ट्रेन छूटने की स्थिति बन जाती है। इससे स्टेशन पर अफरा-तफरी का माहौल भी निर्मित हो सकता है। उन्होंने कहा कि हरदा जिला मुख्यालय का महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में रेलवे की सूचना व्यवस्था का दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। उन्होंने डीआरएमसे सभी डिस्प्ले बोर्ड तत्काल चालू करवाने तथा ट्रेन के आगमन से कम से कम 30 मिनट पहले प्लेटफार्म नंबर और कोच पोजीशन की जानकारी प्रदर्शित करने की मांग की है। शिकायती पत्र की प्रतिलिपि हरदा स्टेशन मास्टर के साथ डीआरएमभोपाल एवं पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक, जबलपुर को भी भेजी गई है।
हरदा रेलवे स्टेशन के डिस्प्ले बोर्ड बंद, यात्रियों को हो रही परेशानी




