
-मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन कर राजनैतिक दलों को सौंपी सूची
अनोखा तीर, हरदा। गुरुवार को कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 के अंतर्गत हरदा जिले की विधानसभा क्षेत्र 134-टिमरनी (अजजा) एवं 135-हरदा की 01 जनवरी 2027 के मान से प्रारूप फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली एवं सेवा निर्वाचकों की सूची का प्रारूप प्रकाशन विनिर्दिष्ट स्थलों पर किया गया। इस अवसर पर मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों की बैठक मीडिया के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में जिला कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी पुरूषोत्तम कुमार सहित भारतीय जनता पार्टी, इंडियन नेशनल कांग्रेस एवं बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष और प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण 2027 हेतु जारी तिथिवार कार्यक्रम से अवगत कराया गया। इसमें बताया गया कि एसआईआर के उपरांत प्राप्त दावे-आपत्तियों के निराकरण उपरांत ३४६० पुरुष, ४७४७ महिलाएं एवं ०१ थर्ड जैंडर सहित कुल ८२०८ मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। वहीं फार्म ०७ के माध्यम से कुल १८१५ उन मतदाताओं के नाम हटाए हैं, जिनकी मृत्यु या स्थानांतरण या दोहरी प्रविष्टियां हुई थी। विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं की बात की जाए तो हरदा विधानसभा में २ लाख ३५ हजार ७११ मतदाता और टिमरनी विधानसभा में १ लाख ९३ हजार ३६३ मतदाता हैं।
सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को विधानसभा क्षेत्र 134-टिमरनी एवं 135-हरदा की फोटोयुक्त प्रारूप निर्वाचक नामावली के 1-1 सेट तथा फोटो रहित मतदाता सूची की पीडीएफ डीवीडी प्रदान की गई। सभी से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में सहयोग की अपेक्षा करते हुए बीएलए को निर्देशित करने हेतु अनुरोध किया गया। इसके पश्चात भी यदि किसी मतदाता का नाम पंजीकरण से छूट गया है तो वह मतदाता फार्म ०६ के माध्यम से अपना नाम १२ नवंबर से ११ दिसंबर तक मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं।





