Skip to content
Friday, 13 November 2026
हरदा

जैव उर्वरकों से गेहूं के बीज एवं मिट्टी का उपचार कर 20 से 25 प्रतिशत तक बचाएं रासायनिक उर्वरक

2 min read
Text Size:

–कृषि विज्ञान केंद्र किसानों को दी सलाह
-बोवनी से पहले करें जैव उर्वरकों का उपयोग
अनोखा तीर, हरदा। गेहूं की फसल में जैव उर्वरकों के माध्यम से बीज एवं मिट्टी का उपचार कर रासायनिक उर्वरकों की मात्रा में 20 से 25 प्रतिशत तक कमी की जा सकती है। इससे खेती की लागत कम होने के साथ मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने में भी मदद मिलती है। कृषि विज्ञान केंद्र हरदा के कार्यक्रम सहायक (मृदा विशेषज्ञ) रितेश बागोरा ने किसानों को सलाह दी है कि गेहूं की बोवनी से पहले जैव उर्वरकों से बीज उपचार अवश्य करें। इसके लिए नत्रजन की पूर्ति हेतु एजोटोबैक्टर अथवा एजोस्पाइरिलम कल्चर, फास्फोरस की पूर्ति के लिए पीएसबी कल्चर तथा पोटाश की उपलब्धता बढ़ाने के लिए केएसबी कल्चर का उपयोग करें। प्रत्येक कल्चर की 10 ग्राम मात्रा प्रति किलोग्राम बीज के हिसाब से लेकर बीज उपचार करें। उपचार के बाद बीज को छाया में सुखाकर बोवनी करें। उन्होंने बताया कि मिट्टी उपचार के लिए प्रत्येक जैव उर्वरक कल्चर की 2 किलोग्राम मात्रा को 50 से 100 किलोग्राम अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद अथवा वर्मी कम्पोस्ट में मिलाएं। इसके बाद इस मिश्रण का एक एकड़ खेत में समान रूप से बुरकाव करें। कृषि विज्ञान केंद्र ने किसानों से अपील की है कि गेहूं की बोवनी के समय जैव उर्वरकों से बीज एवं मिट्टी उपचार की तकनीक अपनाएं, ताकि रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम हो और खेती अधिक किफायती एवं टिकाऊ बन सके।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply