Skip to content
Friday, 13 November 2026
हरदा

स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य समय-सीमा में पूर्ण करें

2 min read
13 3
Text Size:

-कार्य में शिथिलता पर एसडीएम टिमरनी को चेतावनी
-टिमरनी एवं रहटगांव तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस

अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर कुमार सत्यम ने जिले की खिरकिया, टिमरनी एवं हंडिया तहसीलों में राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों की बैठक लेकर स्वामित्व योजना के अंतर्गत रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वामित्व रजिस्ट्री का कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। इस कार्य में आ रही समस्याओं एवं बाधाओं का तत्काल निराकरण कर सभी संबंधित गांवों में रजिस्ट्री की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराई जाए। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि आधार ऑपरेटरों एवं अन्य संबंधित कर्मचारियों को फील्ड में भेजकर हितग्राहियों के आधार कार्ड एवं समग्र आईडी का अपडेशन, ई-केवाईसी तथा आधार से मोबाइल नंबर लिंकिंग का कार्य तेजी से कराया जाए। उन्होंने कहा कि इन कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, ताकि हितग्राहियों की स्वामित्व रजिस्ट्री समय पर पूरी हो सके। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों एवं पटवारियों को सुव्यवस्थित कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वामित्व रजिस्ट्री में आ रही प्रत्येक समस्या का संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय से तत्काल निराकरण करें। जिले में स्वामित्व रजिस्ट्री के कार्य को शत-प्रतिशत संतृप्ति के स्तर तक पहुंचाया जाए।
कार्य में लापरवाही पर अधिकारियों को नोटिस
टिमरनी में स्वामित्व रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा के दौरान कार्य में शिथिलता पाए जाने पर कलेक्टर ने एसडीएम टिमरनी असवनराम चिरामन को चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए। वहीं तहसीलदार टिमरनी देवशंकर धुर्वे एवं तहसीलदार रहटगांव शंकर सिंह रघुवंशी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बैठक में नांदवा की पटवारी उमा चंदेरी के अनुपस्थित रहने पर उनके निलंबन की कार्रवाई के लिए भी कलेक्टर ने निर्देशित किया।
विभिन्न तहसीलों में हुई समीक्षा बैठकें
खिरकिया में आयोजित बैठक में खिरकिया एवं सिराली तहसीलों के पटवारी शामिल हुए, जबकि टिमरनी में आयोजित बैठक में टिमरनी एवं रहटगांव तहसीलों के पटवारियों ने भाग लिया। हंडिया तहसील की बैठक में वहां के पटवारी उपस्थित रहे। हरदा तहसील के पटवारियों की बैठक अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान द्वारा ली गई। बैठकों में अपर कलेक्टर अनुपमा चौहान, संबंधित अनुभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार एवं पटवारी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply