-15 नवंबर को मनेगा मुख्य समारोह
-कमल पटेल ने पत्रकारवार्ता में बताई आयोजन की रूपरेखा
अनोखा तीर, हरदा। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में जनजातीय गौरव सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में कमल पटेल ने पत्रकार वार्ता में कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2021 से महान क्रांतिकारी एवं राष्ट्रवादी जनजातीय नायक बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। इस वर्ष भी प्रदेशभर में 11 से 18 नवंबर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत 15 नवंबर को प्रदेश स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के मंत्रीगण सहभागिता करेंगे। इसके अलावा प्रत्येक जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम होंगे। इनमें जनजातीय लोक कला, संस्कृति और समग्र विकास पर केंद्रित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जनजातीय गौरव सप्ताह के दौरान प्रदेश के प्रमुख शहरों में भवनों, सड़कों, चौराहों, पार्कों और सर्किलों का नामकरण जनजातीय नायकों के नाम पर किया जाएगा। साथ ही प्रमुख चौराहों पर जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। पत्रकारवार्ता में बताया गया कि 12 एवं 13 नवंबर को अनुसूचित जनजाति मोर्चा द्वारा सभी जिलों में तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी। वहीं 14 नवंबर को प्रदेश के विधानसभा क्षेत्रों के दो प्रमुख स्थानों पर जनजातीय महापुरुषों की प्रतिमा एवं देव स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसी क्रम में 16 एवं 17 नवंबर को जनजातीय युवाओं और छात्रों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। वहीं 18 से 20 नवंबर तक पूर्व एवं वर्तमान सांसदों, विधायकों तथा प्रदेश पदाधिकारियों द्वारा जनजातीय अंचलों में जनजातीय गौरव चौपाल आयोजित कर समाज के लोगों से सीधा संवाद किया जाएगा। आयोजनों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए प्रमुख समाचार पत्रों, डिजिटल माध्यमों और सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जाएगा। कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार द्वारा पर्याप्त बजट की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
जनजातीय संस्कृति और महापुरुषों के सम्मान को मिलेगा बढ़ावा
इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान, लोक कला, संस्कृति और परंपराओं को सम्मान देना तथा नई पीढ़ी को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और बलिदान से परिचित कराना है।





