-6 दिन बाद खुली मंडी में पहले दिन पहुंची 400 ट्रॉलियां
अनोखा तीर, हरदा। जिला मुख्यालय की कृषि मंडी में गुरुवार को शुभ मुहूर्त में उपज की खरीदी शुरू हुई। 6 दिन बाद खुली मंडी में पहले दिन करीब 400 ट्रॉलियों से 15 हजार बोरा उपज पहुंची। सोयाबीन 7,201 रुपए प्रति क्विंटल के उच्चतम भाव पर बिका। व्यापारियों ने मंडी परिसर में स्थापित भगवान पंच पिपलेश्वर महादेव की पूजा और आरती की। इसके बाद मंडी प्रशासन ने किसानों और अनाज व्यापारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया। मंडी सचिव हरनारायण भिलाला ने तिलक लगाकर खरीदी की शुरुआत कराई। नीलामी शेड में व्यापारियों ने उपज की बोली लगाई। इसके बाद अपनी दुकानों पर तौल कांटों का पूजन किया। मंडी अधिकारी-कर्मचारियों ने परंपरा के अनुसार भगवान पंच पिपलेश्वर महादेव की पूजा की। इसके बाद आतिशबाजी हुई और लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। व्यापारियों ने बड़ों के पैर छूकर व्यापार में सफलता का आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश अग्रवाल, संरक्षक गिरजाशंकर अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, अशोक राठौर, सेंकी खनूजा, मदन सिंह राजपूत, नीलेश अजमेरा, अमित अजमेरा, विजय राठौर, पंकज अग्रवाल, दुर्गेश राठौर और सत्यम राठौर सहित व्यापारी, मंडी कर्मचारी और किसान मौजूद रहे।
शुभ मुहूर्त में शुरू हुई उपज खरीदी, किसानों को मिले ऊंचे दाम




