–प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी को दिलाया जमीन का कब्जा
अनोखा तीर, हरदा। बिरजाखेड़ी बायपास के 500 मीटर हिस्से का काम गुरुवार को शुरू हुआ। प्रशासन ने पीडब्ल्यूडी को जमीन का कब्जा दिलाया। मुआवजा नहीं मिलने के कारण इस हिस्से का निर्माण रुका हुआ था। तहसीलदार महेंद्र सिंह चौहान की मौजूदगी में 30 कोटवार, 20 पुलिस जवान, 5 पटवारी और 2 आरआई ने 500 मीटर हिस्से का सीमांकन किया। इसके बाद दो जेसीबी की मदद से काम शुरू किया गया। चौहान ने बताया कि सात किसानों के लिए करीब 1 करोड़ रुपए का मुआवजा मंजूर हुआ है। इनमें से छह किसानों को जमीन के बदले मुआवजा दिया जा चुका है। एक किसान के दस्तावेज पूरे नहीं होने से भुगतान बाकी है। उन्होंने बताया कि 20 मीटर चौड़े और 500 मीटर लंबे हिस्से के लिए जमीन लेने का काम जारी है। बायपास बनने से टिमरनी से मगरधा की ओर जाने वाले गांवों के लोगों को सुविधा होगी और शहर में ट्रैफिक का दबाव कम होगा।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ ने दी जानकारी
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ आरके पाठक ने बताया कि सड़क 10 मीटर चौड़ी होगी। इसमें 7 मीटर सड़क और दोनों तरफ डेढ़-डेढ़ मीटर खाली जगह रहेगी। नदी पास होने के कारण यहां पुलिया और सुरक्षा दीवार भी बनाई जाएगी, ताकि बारिश में सड़क को नुकसान न हो। पाठक के मुताबिक, मुआवजे समेत निर्माण पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च होंगे। डबल फाटक से बिरजाखेड़ी तक करीब 2,600 मीटर सड़क में से 2,100 मीटर का निर्माण पूरा हो चुका है। बिरजाखेड़ी के पास अजनाल नदी पर पुल भी करीब एक साल पहले बन चुका है। प्रस्तावित 4.5 किलोमीटर बायपास रिंग रोड का काम देरी से चल रहा है। करीब 3 किलोमीटर सड़क बन चुकी है, जबकि बाकी आधा किलोमीटर के लिए जमीन लेने का काम अटका था। इससे डबल फाटक पर अक्सर घंटों जाम लगता है।







