Skip to content
Tuesday, 13 October 2026
हरदा

जनगणना का द्वितीय चरण…

2 min read
18 2 3
Text Size:

-जिला स्तरीय चार्ज अधिकारियों का प्रशिक्षण आयोजित

अनोखा तीर, हरदा। भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरदा में जिला स्तरीय चार्ज अधिकारियों का दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण 12 एवं 13 अक्टूबर 2026 को कलेक्ट्रेट स्थित सभाकक्ष में आयोजित किया जा रहा है। जिला जनगणना अधिकारी एवं डिप्टी कलेक्टर तृप्ति पटेरिया ने बताया कि प्रशिक्षण में ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के चार्ज अधिकारियों को जनगणना के द्वितीय चरण से संबंधित कार्यप्रणाली, प्रक्रियाओं तथा आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही डिजिटल माध्यम से जनगणना कार्य संपादित करने, मोबाइल एप्लीकेशन के उपयोग और संबंधित तकनीकी प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।  उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 में डिजिटल तकनीक के व्यापक उपयोग के माध्यम से आंकड़ों के संकलन को अधिक सटीक एवं प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता एवं शुद्धता के साथ पूरा किया जा सके। प्रशिक्षण में जनगणना कार्य निदेशालय भोपाल से आई सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-2 आयुषी भावसार एवं आयुषी यादव ने प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने चार्ज अधिकारियों को उनके दायित्वों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि आगामी चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रभावी प्रशिक्षण देकर जनगणना कार्य को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराया जाना है। प्रशिक्षण में अनुविभागीय जनगणना अधिकारी टिमरनी शैलेन्द्र बड़ोनिया, अनुविभागीय जनगणना अधिकारी खिरकिया रजनी वर्मा, समस्त तहसीलदार, नायब तहसीलदार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा जनगणना से संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply