Skip to content
Friday, 27 November 2026
हरदा

सरस्वती शिशु मन्दिर में व्यसन मुक्ति पखवाड़े का समापन

2 min read
11 2 2

-विद्यार्थियों ने व्यसनों से दूर रहने का लिया संकल्प
-जागरूकता रैली निकालकर दिया संदेश

अनोखा तीर, हरदा। सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश, भोपाल की योजना के अंतर्गत विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद के माध्यम से सरस्वती शिशु मन्दिर, हरदा में आयोजित व्यसन मुक्ति पखवाड़े का समापन विद्यालय की पूर्व छात्रा श्रीमती प्रज्ञा अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में हुआ। इस अवसर पर श्रीमती प्रज्ञा अग्रवाल ने घर-परिवार, समाज और देश पर व्यसनों के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि व्यसन व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करते हैं। अत: स्वस्थ एवं संस्कारवान जीवन के लिए व्यसनमुक्त रहना आवश्यक है। पखवाड़े के अंतर्गत सरस्वती शिशु मन्दिर सहित अन्य समविचारी विद्यालयों में भी विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें भाषण प्रतियोगिता, चित्रकला, रंगोली प्रतियोगिता, परिचर्चा एवं बालसभा जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने की शपथ ली। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने नगर के प्रमुख मार्गों से व्यसन मुक्ति जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से नागरिकों को व्यसनों के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए व्यसनमुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। विद्या भारती मध्यभारत प्रान्त के अंतर्गत पूर्व छात्र परिषद के जिला प्रमुख श्री आनन्द मोहन यादव ने भी समविचारी विद्यालयों में आयोजित व्याख्यानमाला में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से संवाद करते हुए व्यसनमुक्त जीवन के महत्व पर प्रकाश डाला तथा उन्हें व्यसनों से दूर रहने का संकल्प दिलाया। पखवाड़े के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में व्यसनमुक्त जीवन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, अपने परिवार एवं समाज को व्यसनमुक्त बनाने तथा राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

6 Views
6 Views
Share:
What do you think?

Leave a Reply