-हिंदू संगठनों ने सौंपा ज्ञापन
अनोखा तीर, हरदा। हरदा में हिंदूवादी संगठनों ने नवरात्रि के दौरान व्यावसायिक गरबा आयोजनों पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे आयोजनों की अनुमति पर फिर से विचार करने को कहा है। नियमों का उल्लंघन होने पर अनुमति रद्द करने की भी मांग की गई। इस संबंध में शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने नायब तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। धर्मरक्षा समिति से जुड़े श्याम शर्मा ने कहा कि नवरात्रि भक्ति का पर्व है, व्यापार का नहीं। गरबा मां शक्ति के प्रति आस्था व्यक्त करने का पारंपरिक स्वरूप है। संगठनों ने गरबा और माता के पंडालों के आसपास नशाखोरी पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि नशे की हालत में पहुंचने वालों पर नियमों के हिसाब से कार्रवाई हो और सुरक्षा के पूरे इंतजाम किए जाएं। संगठनों ने चेतावनी दी कि सुरक्षा शिकायतों पर कार्रवाई न होने से सामाजिक तनाव बढ़ सकता है। प्रशासन से आग्रह किया गया कि धार्मिक आयोजनों के नाम पर व्यावसायिक गतिविधियों की अनुमति देने से पहले हर बात की जांच हो।







