-एसपी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, हरदा। टिमरनी के वरिष्ठ अधिवक्ता संजय उपाध्याय के कार्यालय एवं परिवार पर 1 अक्टूबर को हुए कथित हमले के मामले में जिला अधिवक्ता संघ हरदा ने कड़ा आक्रोश जताया है। संघ की ओर से सोमवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में शामिल आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में जिला अधिवक्ता संघ ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि अधिवक्ता के कार्यालय और परिवार को निशाना बनाना गंभीर मामला है। संघ ने पुलिस से घटना में शामिल सभी आरोपियों और उनके सहयोगियों को चिन्हित कर तत्काल गिरफ्तार करने तथा मामले में सख्त धाराओं के तहत कार्रवाई करने की मांग की है। संघ ने वरिष्ठ अधिवक्ता और उनके परिवार को तत्काल पर्याप्त पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग भी की है। ज्ञापन में कहा गया कि यदि आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है तो जिला अधिवक्ता संघ आंदोलन करने के साथ न्यायालयीन कार्य से विरत रहने के लिए मजबूर होगा। इसके अलावा संघ ने प्रदेश में अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने की मांग की है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि प्रकरण में कोई भी अधिवक्ता आरोपियों की ओर से पैरवी नहीं करेगा। जिला अधिवक्ता संघ ने पुलिस प्रशासन से मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई कर अधिवक्ता और उनके परिवार में सुरक्षा का विश्वास बहाल करने की मांग की है।
-जिला अधिवक्ता संघ ने जताया आक्रोश

0 Views

