सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत हृदय रोग परीक्षण शिविर आयोजित

-54 बच्चों की हुई विशेषज्ञ जांच, 11 बच्चे नि:शुल्क सर्जरी के लिए चिन्हित
अनोखा तीर, हरदा। सेवा मेरा योगदान-सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के तहत जिला चिकित्सालय परिसर स्थित जिला शीघ्र हस्तक्षेप केन्द्र हरदा में हृदय रोग परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिले के तीनों विकासखंडों से आए कुल 54 बच्चों की विशेषज्ञ चिकित्सक द्वारा जांच की गई, जिनमें से 11 बच्चों को हृदय रोग की सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया। इन बच्चों की सर्जरी शासन की योजना के अंतर्गत नि:शुल्क कराई जाएगी। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत हरदा जिले में चार मोबाइल हेल्थ टीमें कार्यरत हैं। इन टीमों द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों पर वर्ष में दो बार तथा स्कूलों में वर्ष में एक बार बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाता है। स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान चिन्हित बच्चों को विशेषज्ञ जांच एवं उपचार के लिए शिविर में लाया जाता है। उन्होंने बताया कि शिविर में बाल हृदय रोग विशेषज्ञ द्वारा इकोकार्डियोग्राफी के माध्यम से बच्चों की विस्तृत जांच की गई। इस जांच से बच्चों में मौजूद हृदय संबंधी समस्या का प्रकार एवं उपचार की आवश्यकता निर्धारित की जाती है। शून्य से 18 वर्ष तक के पात्र बच्चों की आवश्यक हृदय सर्जरी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम अथवा आयुष्मान भारत निरामयम् मध्यप्रदेश के अंतर्गत नि:शुल्क कराई जाती है।
54 बच्चों की हुई विशेषज्ञ जांच
प्रभारी प्रबंधक आशीष साकल्ले ने बताया कि शिविर में हरदा जिले के तीनों विकासखंडों से कुल 54 बच्चे जांच के लिए पहुंचे। इन बच्चों की जांच बंसल हॉस्पिटल, भोपाल के बाल हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. शांतनु जैन द्वारा की गई। जांच के बाद 11 बच्चों को सर्जरी के लिए चिन्हित किया गया, जबकि 27 बच्चे सामान्य पाए गए। 10 बच्चों को एक वर्ष बाद पुन: जांच के लिए बुलाया गया है तथा 6 बच्चों को अन्य आवश्यक जांचों के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि सर्जरी के लिए चिन्हित सभी 11 बच्चों की आवश्यक फाइल एवं दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं। आगामी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद इन बच्चों को नि:शुल्क हृदय सर्जरी के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों/संबंधित चिकित्सालयों में भेजा जाएगा।
सफल उपचार से स्वस्थ हुई तन्वी, परिवार ने साझा किया अनुभव
शिविर में फॉलोअप के लिए आए बच्चों एवं उनके परिजनों से भारतीय जनता पार्टी जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने चर्चा की तथा बच्चों को फूड पैकेट एवं बिस्किट वितरित किए। इस दौरान टिमरनी के वार्ड क्र. 02 निवासी राहुल चौरसिया ने बताया कि उनकी बेटी तन्वी को जन्मजात हृदय रोग एवं तिल्ली संबंधी समस्या के कारण बार-बार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होती थीं। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत उसकी आवश्यक सर्जरी कराई गई। उपचार के बाद अब तन्वी स्वस्थ है और पहले की अपेक्षा बार-बार बीमार होने की समस्या में भी काफी सुधार हुआ है। श्री वर्मा ने अन्य हितग्राही बच्चों एवं उनके परिजनों से भी चर्चा कर उपचार की जानकारी ली तथा सभी को भोजन पैकेट वितरित किए।
पंजीयन एवं प्रारंभिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद हुई जांच
शिविर में जांच से पूर्व सभी बच्चों का पंजीयन एवं सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच का कार्य डॉ. पी.एन. छलौत्रे, डॉ. मंजू वर्मा, डॉ. आशुतोष करोड़े, डॉ. विजयश्री मीणा, डॉ. मनीराम उईके एवं डॉ. अस्पाक खान द्वारा किया गया। ऑडियोलॉजिस्ट नीरज मालवीय ने बताया कि सर्जरी के लिए चिन्हित 11 बच्चों की फाइल तैयार कर ली गई है तथा आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है। बच्चों को शीघ्र ही शासन की योजना के अंतर्गत नि:शुल्क उपचार एवं सर्जरी के लिए संबंधित उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा।
विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का रहा सहयोग
शिविर के सफल आयोजन में विभिन्न विभागों एवं संस्थाओं का सहयोग रहा। इस अवसर पर डॉ. गंभीर पटेल, डॉ. राजेश सतीजा, डॉ. ब्रजेश रघुवंशी, जन अभियान परिषद के संदीप गोहर, रेडक्रॉस सोसायटी के राजेश पाटनी सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के आयोजन एवं प्रबंधन में अनुस्का फाउंडेशन के विकास राजपूत तथा आरकेएसके काउंसलर पारूल काशिव एवं गणेश सराठे ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस प्रकार के शिविरों से बच्चों में समय पर हृदय रोग की पहचान, विशेषज्ञ परामर्श एवं आवश्यक उपचार सुनिश्चित करने में मदद मिल रही है। शासन की योजनाओं के माध्यम से चिन्हित बच्चों को नि:शुल्क उपचार एवं सर्जरी उपलब्ध कराकर उन्हें स्वस्थ एवं सामान्य जीवन की ओर लौटाने का प्रयास किया जा रहा है।

0 Views

Leave a Reply