-एसपी को शिकायत, कोतवाली और जिला अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
अनोखा तीर, हरदा। शहर की सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई को लेकर एक शिकायत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। एक व्यक्ति ने पुलिस अधीक्षक हरदा को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उसे पुलिस ने हथकड़ी लगाकर घंटों थाने में रखा और बाद में मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल तथा न्यायालय तक हथकड़ी लगी अवस्था में ले जाया गया। शिकायतकर्ता ने पूरे घटनाक्रम की जांच कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता के विरुद्ध न्यायालय में एक प्रकरण चल रहा था, उक्त प्रकरण का 30 सितंबर 2026 को न्यायालय में निराकरण हो चुका था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इसी प्रकरण में उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट जारी होने की जानकारी पुलिस द्वारा उसे दी गई थी।
फोन कर थाने बुलाया, सुबह स्वयं पहुंचा
शिकायतकर्ता के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम सिटी कोतवाली हरदा से उसे फोन आया और बताया गया कि उसके विरुद्ध गिरफ्तारी वारंट है तथा उसे थाने आने के लिए कहा गया। शिकायत के अनुसार वह उसी शाम थाने पहुंचा, जहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उसे सुबह आने के लिए कहा। इसके बाद शिकायतकर्ता 30 सितंबर को सुबह करीब 10 बजे स्वयं सिटी कोतवाली पहुंचा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उसे थाने के कंट्रोल रूम में बैठाया और करीब दोपहर 2.30 बजे तक हथकड़ी लगाकर रखा।
हथकड़ी नहीं लगाने का किया आग्रह
शिकायत में कहा गया है कि इस दौरान शिकायतकर्ता की भांजी भी थाने पहुंचीं और पुलिसकर्मियों से हथकड़ी नहीं लगाने का आग्रह किया। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने उनकी बात नहीं मानी और शिकायतकर्ता को हथकड़ी लगी अवस्था में ही रखा गया। इसके बाद करीब 2.30 बजे शिकायतकर्ता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला चिकित्सालय ले जाया गया। शिकायत के अनुसार मेडिकल परीक्षण के बाद उसे करीब 3 बजे न्यायालय परिसर ले जाया गया और न्यायालय के बाहर उसकी हथकड़ी निकाली गई तथा उसे न्यायालय में पेश किया गया।
‘प्रतिष्ठा बचाने के लिए मुंह पर बांधना पड़ा कपड़ा
शिकायतकर्ता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि सार्वजनिक रूप से हथकड़ी लगाए जाने से उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई और उसे मानसिक आघात पहुंचा। शिकायत में कहा गया है कि अपनी प्रतिष्ठा बचाने के लिए उसे मुंह पर सफेद कपड़ा बांधना पड़ा। शिकायतकर्ता ने यह भी कहा है कि उसके अनुसार उसके खिलाफ किसी अन्य थाने में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है। उसने पुलिस की कार्रवाई को अपने मौलिक अधिकारों से जोड़ते हुए पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।
कोतवाली और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग
मामले में शिकायतकर्ता ने पुलिस अधीक्षक से महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर सिटी कोतवाली हरदा के 29 सितंबर की शाम 6 बजे से 30 सितंबर की दोपहर 3.30 बजे तक के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है। साथ ही जिला चिकित्सालय हरदा में 30 सितंबर को दोपहर 2 बजे से 3.30 बजे तक के सीसीटीवी फुटेज भी सुरक्षित रखे जाने का अनुरोध किया है। शिकायतकर्ता ने एसपी से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच करने तथा दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है। अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच में क्या तस्वीर सामने आती है और सीसीटीवी फुटेज इस घटनाक्रम को लेकर क्या तथ्य सामने रखते हैं, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
हथकड़ी लगाकर न्यायालय तक ले जाने का आरोप

0 Views


