देवेंद्र धौलिया की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग

-सामाजिक संगठनों ने सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। आयुष्मान आरोग्य केंद्र नीमगांव में पदस्थ एमएसडब्ल्यू कर्मचारी देवेंद्र धौलिया की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच एवं एसआईटी गठित कर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर सोमवार शाम सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि मृतक देवेंद्र धौलिया (27), निवासी पाठक कॉलोनी, वार्ड 17, छीपानेर बायपास रोड, हरदा, आयुष्मान आरोग्य केंद्र नीमगांव में एमएसडब्ल्यू के पद पर कार्यरत था। परिजनों और सामाजिक संगठनों का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ माह से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। साथ ही उसके साथ मारपीट किए जाने तथा जान से मारने की धमकी दिए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं। ज्ञापन के अनुसार, 25 सितंबर को दोपहर करीब 3.40 बजे देवेंद्र नीमगांव से अपने घर पहुंचा और अपने बड़े भाई नरेंद्र को बताया कि उसने नीमगांव में सल्फास का सेवन कर लिया है। इसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान भोपाल के हमीदिया अस्पताल में उसकी मौत हो गई। सामाजिक संगठनों ने ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रेखा शर्मा, आशा कार्यकर्ता पुष्पा शर्मा तथा उनके पुत्र नवीन और रिंकू पर मानसिक प्रताड़ना एवं धमकी देने के आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की गई।  ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि पांच दिवस के भीतर मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो सामाजिक संगठनों द्वारा एसपी कार्यालय का घेराव किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान राहुल पवारे, महेंद्र काशिव मेहरा, मृतक के भाई नरेंद्र सहित सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पुरुष, युवा एवं महिलाएं मौजूद रहे।

4 Views

Leave a Reply