– स्वस्थ जीवनशैली एवं पोषण के महत्व तथा नशे के दुष्प्रभावों को लेकर किया जागरूक
अनोखा तीर, हरदा। राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम एवं माय भारत के तहत स्थानीय जिला चिकित्सालय में रविवार को स्वस्थ जीवनशैली व पोषण का महत्व एवं नशे की लत का स्वास्थ्य पर असर पर केन्द्रित विशेष गतिविधि का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आए सभी युवाओं का बीएमआई किया गया एवं ब्लड प्रेशर लिया गया। उमंग काउंसलर श्रीमती पारुल काशिव ने बीएमआई के लाभ के बारे ने बताया। युवाओं का वजन एवं ऊंचाई ली गई और आयु अनुसार बीएमआई निकाला गया। श्रीमती काशिव ने बताया कि बॉडी मॉस इंडेक्स एक एैसा तरीका है, जिससे यह पता चलता है कि आयु, वजन व ऊंचाई अनुसार शरीर संतुलित है अथवा नहीं। बीएमआई यदि सामान्य से कम है तो अंडर वेट और अधिक है तो ओवर वेट अथवा मोटापे की श्रेणी में आते हैं। स्वस्थ जीवनशैली और पोषण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. पीयूष दोगने एवं उमंग काउंसलर दीपक गौर ने नशा मुक्त युवा के संबंध में जानकारी दी। किशोर एवं युवा अवस्था में तंबाकू पान मसाला के साथ खाने वालों की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। ये लोग स्वयं का नुकसान करते हैं कैंसर जैसे जानलेवा रोग का आमंत्रण के साथ सार्वजनिक स्थानों को थूककर खराब कर रहे हैं। जिला समन्वयक आशीष साकल्ले ने बताया कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम अंतर्गत गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। प्रमुख रूप से स्वस्थ जीवनशैली, पोषण, नशा मुक्ति अभियान के साथ किशोर और युवा जागरूकता से संबंधित अनेक कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। मानसिक स्वास्थ्य, हिंसा, असंचारी रोगों से बचाव आदि पर निरंतर कार्यशाला शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। जिला युवा अधिकारी सुश्री श्रद्धा मित्तल ने बताया कि माय भारत अंतर्गत देश के 200 जिलों में प्रति रविवार गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम माय हेल्थ माय प्राईडी की थीम पर आयोजित किया गया है। देश के 200 चिन्हित जिलों में स्वस्थ्य जीवनशैली, फिटनेस, सामुदायिक सेवा, स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण आदि पर गतिविधियां की जा रही हैं। इस दौरान अजय मंडलेकर, गणेश सराठे, मयंक शर्मा, राज पाराशर, गौतम बैरागी, कनक सोलंकी, राकेश पिपलोदे और शुभम ढोके उपस्थित रहे।





