-27 को छीपाबड़ से पैदल निकलेंगे दोगने, 28 को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर उठाएंगे सड़क का मुद्दा
अनोखा तीर, हरदा/खिरकिया।पोखरनीसे हरदा तक बदहाल पड़े खंडवा-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे को लेकर अब सड़क का मुद्दा सियासी पदयात्रा में बदलने जा रहा है। हरदा-खिरकिया विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने 27 सितंबर को छीपाबड़ से हरदा तक पदयात्रा निकालकर सड़क की स्थिति को शासन-प्रशासन के सामने उठाएंगे। पदयात्रा सुबह 10 बजे छीपाबड़ के अंबेडकर चौक से शुरू होगी और इसी बदहाल मार्ग से होते हुए 28 सितंबर को हरदा कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। कांग्रेस का कहना है कि लंबे समय से खराब सड़क के कारण रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। युवा कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह राजपूत ने कहा कि सड़क की बदहाली अब केवल आवागमन की समस्या नहीं, बल्कि आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा से जुड़ा सवाल है। पदयात्रा के जरिए शासन-प्रशासन से सड़क के शीघ्र सुधार की मांग की जाएगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहन विश्रोई, पूर्व जिलाध्यक्ष ओम पटेल, लक्ष्मीनारायण पटेल, युवा नेता राजेश पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी और नगर कांग्रेस अध्यक्ष असलम पठान सहित अन्य नेताओं ने कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों से पदयात्रा में शामिल होने की अपील की है। कांग्रेस नेताओं के अनुसार पदयात्रा का मकसद सड़क की बदहाली को लेकर आम जनता की परेशानी को सीधे प्रशासन तक पहुंचाना और सुधार कार्य में तेजी लाने की मांग करना है। 28 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर इस संबंध में ज्ञापन भी सौंपाजाएगा।




