एक्टिव लर्निंग कार्यशाला में शिक्षकों ने सीखे आधुनिक शिक्षण के तरीके

अनोखा तीर, टिमरनी। नॉलेज पब्लिक स्कूल टिमरनी में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास और अध्यापन शैलियों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक्टिव लर्निंग विषय पर एक दिवसीय विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में वाइस प्रिंसिपल साउथ वैली स्कूल सलामपुर बेटमा इंदौर पल्लवी भायल एवं पीजीटी मेडिकैप्स इंटरनेशनल स्कूल पांडा महू इंदौर रेखा पाराशर उपस्थित रहीं।  कार्यशाला के दौरान दोनों विशेषज्ञों ने रोचक, सहज और प्रभावी ढंग से शिक्षकों को मार्गदर्शन दिया। उन्होंने बताया कि परंपरागत शिक्षण विधियों से कक्षा को मनोरंजक, संवादात्मक और बाल-केंद्रित कैसे बनाया जा सकता है। विशेषज्ञों ने शिक्षकों को संयम रखने की सीख दी। कार्यशाला का एक विशेष आकर्षण महान संत रविदास की प्रेरणादायक जीवन गाथा रही। विषय विशेषज्ञों ने संत रविदास के जीवन प्रसंगों और उनके विचारों को प्रस्तुत कर शिक्षकों को प्रेरित किया तथा बताया कि किस प्रकार उनके मूल्यों व शिक्षाओं को आधुनिक शिक्षण में समाहित किया जा सकता है। कार्यशाला को केवल सैद्धांतिक न रखते हुए विभिन्न प्रकार की मनोरंजक गतिविधियों, रोल-प्ले और समूह चर्चाओं के माध्यम से संचालित किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से शिक्षकों ने स्वयं अनुभव किया कि एक्टिव लर्निंग बच्चों की रुचि बढ़ाने और उनके सर्वांगीण विकास में किस तरह मददगार साबित होती है। कार्यशाला में उपस्थित सभी शिक्षकों ने पूरे उत्साह के साथ गतिविधियों में भाग लिया और नए नवाचारों को सीखा। कार्यक्रम के अंत में स्कूल प्रबंधन एवं प्राचार्या द्वारा दोनों रिसोर्स पर्सन पल्लवी भायल एवं रेखा पाराशर का उनके उत्कृष्ट मार्गदर्शन और योगदान के लिए तुलसी प्लांट देकर आभार व्यक्त किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त शिक्षक वर्ग एवं स्टाफ उपस्थित रहा।

0 Views

Leave a Reply