Skip to content
Saturday, 7 November 2026
हरदा

मध्यान्ह भोजन समूह की महिलाओं की हड़ताल से स्कूलों में बंद हुआ भोजन

2 min read
Text Size:

-शिक्षक पोहा-सेव परमल खिलाकर चला रहे व्यवस्था

अनोखा तीर, सोडलपुर। ग्राम सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में मध्यान्ह भोजन बनाने वाले स्व-सहायता समूहों की महिलाओं के हड़ताल पर जाने के चलते स्कूलों में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। समूहों द्वारा भोजन नहीं बनाए जाने से स्कूलों में मध्यान्ह भोजन पर ताला लग गया है। ऐसे में स्कूलों में शिक्षक विद्यार्थियों को पोहा, सेव और परमल खिलाकर भोजन की वैकल्पिक व्यवस्था कर रहे हैं।
वहीं आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी बच्चों को पोषण आहार नहीं मिल पाने के चलते आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं घर से खिचड़ी बनाकर ला रही हैं और बच्चों को वितरित कर रही हैं। इससे बच्चों को भोजन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी कार्यकर्ता-सहायिकाओं पर आ गई है। समूह की अध्यक्ष गंगाबाई यादव, सचिव प्रमिला बाई ने बताया कि लंबित राशि जल्द जारी की जानी चाहिए। तीन माह से वेतन नहीं मिला है, जिसके कारण घर में आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि शासन को मध्यान्ह भोजन बनाने वाले समूहों की समस्याओं पर ध्यान देकर उनकी लंबित वेतन राशि जल्द जारी करनी चाहिए, ताकि स्कूलों में आने वाले विद्यार्थियों को नियमित रूप से मध्यान्ह भोजन का लाभ मिल सके। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को पोषण आहार की व्यवस्था भी सुचारु रूप से संचालित हो सके।

7 Views
What do you think?

Leave a Reply