अनोखा तीर, सोडलपुर। समीपस्थ ग्राम मनयाखेड़ी में सोमवार सुबह घर से घूमने निकले 30 वर्षीय युवक का शव दोपहर में मकान के पीछे किसान के खेत स्थित कुएं में मिला। युवक की पहचान राम पिता महेश भाटी के रूप में हुई है। परिजन सुबह से ही युवक की तलाश कर रहे थे। इस दौरान मकान के पीछे स्थित कुएं में शव तैरता हुआ दिखाई दिया। सूचना मिलने पर टिमरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाया। जानकारी के अनुसार राम भाटी सोमवार सुबह करीब 5 बजे घर से घूमने के लिए निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजन सुबह से ही आसपास के क्षेत्रों में युवक को ढूंढ रहे थे। दोपहर करीब 1 बजे मकान के पीछे शंकरलाल सोलंकी, हाल निवासी इंदौर के खेत स्थित कुएं में तलाश करने पर युवक का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना टिमरनी थाना पुलिस को दी। बीट प्रभारी रामविलास करपे, कांस्टेबल नरेंद्र राठौर ने मौके पर पहुंचकर शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए टिमरनी भेजा। डॉक्टर द्वारा पीएम किए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बताया गया कि मृतक युवक शादीशुदा था और उसकी 7 वर्षीय बेटी भी है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
सुबह घर से घूमने निकला युवक, किसान के कुएं में मिला शव

0 Views


