Skip to content
Friday, 9 October 2026
हरदा

100 साल पुराना स्कूल भवन जर्जर, बच्चों की पढ़ाई पर संकट

2 min read
Text Size:

 


अनोखा तीर, हरदा। जिला मुख्यालय के शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय को पीडब्ल्यूडी विभाग ने जर्जर घोषित कर दिया है। स्कूल का भवन 100 साल से ज्यादा पुराना है। इसके बावजूद भी भवन में पढ़ाई चल रही है। इस साल जून में तेज आंधी-तूफान आया था। इससे स्कूल के करीब 4 कमरों की छत उड़ गई थी। अब तक इनकी मरम्मत नहीं हुई है। कमरे कम होने के कारण स्कूल का स्टाफ भी परेशान है। स्टाफ रूम की जगह कर्मचारियों को लॉन में बैठना पड़ रहा है। स्कूल के प्रिंसिपल संतोष यादव ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने पुराने भवन की मरम्मत से इनकार किया है। इसके बजाय स्कूल परिसर में बने पक्के भवन की छत पर नए कमरे बनाने का सुझाव दिया गया है।
नए भवन निर्माण को स्वीकृति मिलने का इंतजार
स्कूल प्राचार्य के अनुसार कलेक्टर ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रस्ताव पीडब्ल्यूडी को भेजे 15 दिन हो चुके हैं। स्वीकृति मिलने के बाद निर्माण शुरू किया जाएगा। कमरों की कमी को देखते हुए स्कूल में कक्षाएं दो शिफ्ट में चलाने का फैसला किया गया है। इससे बच्चों की पढ़ाई जारी रखी जा सकेगी। डीईओ डीएस रघुवंशी ने बताया कि पीडब्ल्यूडी ने भवन को अत्यधिक जर्जर बताया है। उन्होंने कहा कि पुराने भवन की मरम्मत के बजाय खाली जमीन पर नए कमरे बनाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply