महर्षि ज्ञानपीठ के चार खिलाड़ियों का बैडमिंटन प्रतियोगिता में चयन

अनोखा तीर, हरदा।   महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थियों ने खेल के क्षेत्र में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्था का नाम गौरवान्वित किया है। ब्लॉक स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर महर्षि ज्ञानपीठ के चार विद्यार्थियों का जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। अंडर-19 बालक वर्ग में विद्यालय के लक्ष्य नेगी एवं अंशुल राय ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की और जिला स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया। वहीं 17 वर्ष आयु वर्ग में केशव शर्मा एवं अनमोल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लॉक स्तर पर विजय प्राप्त की तथा जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए। चारों खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल कौशल का परिचय देते हुए मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की इस सफलता का श्रेय उनके नियमित अभ्यास, मेहनत तथा विद्यालय के खेल प्रशिक्षक नितिन रामकुचे के मार्गदर्शन को दिया जा रहा है। महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी पिछले कुछ समय से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। टेबल टेनिस, लगोरी सहित विभिन्न खेलों में विद्यालय के विद्यार्थियों ने ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर तक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के लिए भी बेहतर वातावरण और आवश्यक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखारकर उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त कर सकें। इस अवसर पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने चारों चयनित खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में भी निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षक नितिन रामकुचे की सराहना करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी इसी प्रकार मेहनत और लगन के साथ अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखें तथा जिला स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर संस्था एवं जिले का नाम रोशन करें। चारों खिलाड़ियों के जिला स्तर के लिए चयन से विद्यालय में हर्ष का माहौल है। विद्यालय परिवार, शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए आगामी प्रतियोगिता में सफलता की कामना की।

0 Views

Leave a Reply