सुअर पकड़ने गई नपा की टीम पर महिलाओं ने किया लाठी से हमला

-पिकअप से जानवर छुड़ाए  

अनोखा तीर, हरदा।  हरदा में सुअर पकड़ने गई नगर पालिका की टीम पर महिलाओं ने लाठियों से हमला कर दिया। जिस पिकअप वाहन में सुअरों को पकड़कर ले जाया जा रहा था, उससे जानवरों को निकालकर भगा दिया। हालात इतने खराब हो गए कि पुलिस के सामने ही महिलाओं और नपा टीम के लोगों में हाथापाई की नौबत तक आ गई। बुधवार सुबह श्रीधाम कॉलोनी में नगर पालिका की टीम सुअर पकड़ने पहुंची थी। दरअसल इंदौर से आई नगर पालिका की टीम सुअर पकड़ने का काम कर रही थी। इसी दौरान कुछ महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर वहां पहुंचीं और टीम पर हमला कर दिया। हमले के दौरान पुलिस बल महिलाओं के सामने असहाय नजर आया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने अपने अधिकारियों को महिला पुलिस बुलाने के लिए कहा था, लेकिन आधे घंटे तक महिलाएं हंगामा करती रहीं और कोई महिला पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद महिलाएं सभी सुअरों को छुड़ाकर वहां से चली गईं। घटना के बाद नगर पालिका और इंदौर से आई टीम कोतवाली थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि नगर पालिका ने शहर में सुअर पकड़ने के लिए इंदौर से एक टीम बुलाई थी, जिस पर कुछ सुअर पालकों और महिलाओं ने हमला किया है। एसडीओपी ने बताया कि नगर पालिका सीएमओ ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने की शिकायत की है। इस आधार पर वीडियो फुटेज की मदद से हमला करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस की मौजूदगी में हुई मारपीट को लेकर उन्होंने कहा कि जवानों ने महिलाओं को रोकने का प्रयास किया, लेकिन महिला होने के कारण उन पर जवाबी कार्रवाई नहीं की गई।

0 Views

Leave a Reply