
अनोखा तीर, हरदा। उच्च न्यायालय, जबलपुर एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरदा अरविंद रघुवंशी के मार्गदर्शन में ‘उल्लास: एक अभिनव प्रयोग-2026 के तहत विभिन्न रचनात्मक, सांस्कृतिक एवं प्रोत्साहनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत 9 अगस्त को ए.डी.आर. सेन्टर, जिला न्यायालय, हरदा में न्यायिक अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण के बालक/बालिकाओं के लिए चित्रकला, पोस्टर मेकिंग एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में कुल 18 बालक/बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने चित्रकला एवं पोस्टर मेकिंग के माध्यम से सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण आदि विषयों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं निबंध प्रतियोगिता में बालक/बालिकाओं ने अपने विचार लेखन के माध्यम से व्यक्त किए। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशीलता एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूकता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर 15 अगस्त को न्यायालय प्रांगण, हरदा में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें सभी न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायिक कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारीगण द्वारा देशभक्ति गीत, कविताओं एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति की भावना व्यक्त की गई। कार्यक्रम में 9 अगस्त को आयोजित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र, शील्ड और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी प्रतिभा एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की गई तथा उन्हें भविष्य में भी विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसी क्रम में जिला न्यायालय, हरदा एवं तहसील न्यायालय, खिरकिया एवं टिमरनी में कार्यरत न्यायाधीशगण, जिला अधिवक्ता संघ हरदा तथा तहसील अधिवक्ता संघ टिमरनी, खिरकिया में कार्यरत अधिवक्तागण के ऐसे बालक/बालिकाओं जिन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया है, को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों की प्रतिभा एवं उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें अपने क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरित करना रहा। साथ ही जिला न्यायालय हरदा एवं जिला प्राधिकरण में पदस्थ कर्मचारियों में से उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश व अध्यक्ष अरविंद रघुवंशी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की। इस पहल से कर्मचारियों में कार्य के प्रति उत्साह, अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य करने की भावना को प्रोत्साहन मिला। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण एवं कर्मचारियों को उल्लास: एक अभिनव प्रयोग-2026 के अंतर्गत आगामी समय में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी गई। विशेष रूप से आगामी मेगा स्वास्थ्य शिविर से उपस्थितजन को अवगत कराया गया। इन गतिविधियों से न्यायिक परिवार के सदस्यों में सहभागिता, रचनात्मक, सकारात्मक सोच एवं आपसी सौहार्द की भावना को बढ़ावा मिला तथा न्यायिक परिवार में सकारात्मक एवं उत्साहपूर्ण वातावरण का निर्माण हुआ।



