नसबंदी फेल होने पर दिव्यांग युवक ने मांगा मुआवजा  

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत में मंगलवार को हुई जनसुनवाई में हंडिया क्षेत्र के एक दिव्यांग युवक ने पत्नी की नसबंदी फेल होने की शिकायत की। युवक ने बताया कि ऑपरेशन के बाद भी उनके घर बच्चे का जन्म हो गया। उन्होंने बच्चों के पालन-पोषण के लिए मुआवजा दिलाने की मांग की। ग्राम खेड़ा निवासी 38 वर्षीय अन्नूराम ने बताया कि उनके पहले से पांच बच्चे हैं। 6 फरवरी 2024 को जिला अस्पताल में उनकी पत्नी की नसबंदी कराई गई थी। इसके बाद 27 जुलाई को उनके घर बेटे का जन्म हुआ। अन्नूराम ने बताया कि वे दिव्यांग हैं। मजदूरी करके परिवार चलाते हैं। छह बच्चों की देखभाल और पढ़ाई का खर्च उठाना उनके लिए मुश्किल है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से बच्चों के पालन-पोषण के लिए सहायता की मांग की है। डॉ. शैलजा महाजन ने बताया कि नसबंदी फेल होने पर शासन की ओर से 30 हजार रुपए मुआवजा देने का प्रावधान है। इसके लिए नसबंदी फेल होने की सूचना 90 दिन के भीतर स्वास्थ्य विभाग को देना जरूरी है। उन्होंने बताया कि अन्नूराम का आवेदन राज्य स्तर पर भेज दिया गया है। वहां से आवेदन बीमा कंपनी को भेजा जाएगा। प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित राशि उनके खाते में आएगी।

0 Views

Leave a Reply