पुलिस महानिरीक्षक ने ली हरदा जिले की वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक  

-अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरण और महिला-बाल अपराधों पर दिए विशेष दिशा-निर्देश

अनोखा तीर, हरदा। पुलिस महानिरीक्षक नर्मदापुरम जोन चंद्रशेखर सोलंकी ने आज जिला मुख्यालय हरदा में पुलिस अधिकारियों की वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में अपराधों की स्थिति, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों एवं पुलिसिंग से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं सभी थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने थाना-वार अपराधों की स्थिति की समीक्षा करते हुए गंभीर एवं चिन्हित अपराधों में की गई कार्रवाई, लंबित अपराध एवं चालान, मर्ग प्रकरण, महिला एवं बाल अपराध, अनुसूचित जाति/जनजाति संबंधी अपराध, संपत्ति संबंधी अपराध तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों की जानकारी प्राप्त की।
दिए निर्देश
पुलिस महानिरीक्षक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए तथा अपराधों की विवेचना उच्च गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण की जाए। फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी वारंटियों की धरपकड़ तथा आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल अपराधों की समीक्षा करते हुए ऐसे प्रकरणों में संवेदनशीलता के साथ त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता एवं सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साइबर अपराधों की रोकथाम एवं साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों की सहायता तथा वित्तीय राशि होल्ड/रिकवर कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर भी जोर दिया गया। जिले में नशे के अवैध कारोबार एवं मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध निरंतर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अवैध मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर एवं नेटवर्क की जानकारी प्राप्त कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियों को निरंतर संचालित करने को कहा गया। यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा की समीक्षा करते हुए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए। पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में जनसुनवाई, त्वरित रिस्पॉन्स एवं संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण करते हुए पुलिस के प्रति विश्वास एवं सकारात्मक वातावरण को और मजबूत किया जाए। आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने, पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती एवं प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के अंत में पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बीट पुलिसिंग को मजबूत करते हुए क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता एवं पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें तथा आमजन को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराएं।

0 Views

Leave a Reply