-गंदगी फैलाने पर 500 रुपये जुर्माने की चेतावनी
अनोखा तीर, रहटगांव। फसलों को नुकसान एवं गंदगी की समस्या पर रोक लगाने के लिए ग्राम पंचायत रहटगांव ने गांव से सुअरों को हटाकर अन्य स्थान पर छोड़ने की कार्रवाई हेतु तहसीलदार को आवेदन देकर पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्राम पंचायत द्वारा दिए गए आवेदन में बताया गया है कि पंचायत क्षेत्र में सुअर पालन प्रतिबंधित किया जा चुका है। इसके बावजूद सुअर पालकों द्वारा अपने सुअरों को ग्राम पंचायत क्षेत्र से नहीं हटाया गया। इस संबंध में संबंधित लोगों को सूचना पत्र जारी किए गए तथा ग्राम में मुनादी भी कराई गई, लेकिन इसके बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। ग्राम पंचायत ने बताया कि अब बाहरी टीम के माध्यम से सुअरों को पकड़कर ग्राम पंचायत क्षेत्र से बाहर छोड़ा जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की गई है। वहीं ग्राम पंचायत रहटगांव द्वारा मुनादी कराकर नागरिकों को भी सूचित किया जा रहा है कि सार्वजनिक स्थानों, सड़कों, नालियों एवं अन्य स्थानों पर कूड़ा-कचरा डालना और गंदगी फैलाना पूर्णत: प्रतिबंधित है। नागरिकों से कचरा केवल कचरा वाहन में ही डालने की अपील की गई है। यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर गंदगी फैलाते हुए पाया गया तो उस पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।



