-सेवा कार्यों को मिलेगी नई दिशा
अनोखा तीर, हरदा। ग्राम खुदिया निवासी समाजसेवी पयोज जोशी ने अपने पूज्य पिताश्री स्वर्गीय डॉ. मूलाराम जोशी की पावन स्मृति में अनुकरणीय एवं प्रेरणादायी पहल करते हुए अपनी एक एकड़ भूमि सेवा भारती, मध्य भारत प्रांत, जिला हरदा को समर्पित की है। यह भूमि सेवा भारती द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन एवं सामाजिक समरसता के विभिन्न सेवा प्रकल्पों के संचालन और विस्तार के लिए उपयोग में लाई जाएगी। इस समर्पण से क्षेत्र के जरूरतमंद एवं वंचित समाज को सेवा गतिविधियों का व्यापक लाभ मिलेगा। भूमि समर्पण के अवसर पर सेवा भारती के अध्यक्ष नटवर भाई पटेल, सचिव दीपक सोनी, कोषाध्यक्ष बालमुकुंद गौर, बल्लभदास तोषनीवाल, सुभाष शुक्ला, संजय माकवे एवं अशोक देशमुख ने पयोज जोशी का संस्कार स्कूल हरदा में स्वागत किया। इस अवसर पर माला एवं शाल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया गया। सेवा भारती पदाधिकारियों ने उनके सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि समाज के प्रति उत्तरदायित्व और परोपकार की भावना ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। स्वर्गीय डॉ. मूलाराम जोशी की स्मृति में किया गया यह भूमि दान उनके सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का प्रेरणादायी प्रयास है। सेवा भारती परिवार ने पयोज जोशी एवं उनके परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस भूमि पर भविष्य में संचालित होने वाले सेवा प्रकल्प शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में मील का पत्थर सिद्ध होंगे तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के संकल्प को साकार करेंगे।





