14 माह से खसरा अपडेट नहीं, शिकायत के बाद भी कार्रवाई अधूरी

अनोखा तीर, रहटगांव। रहटगांव निवासी नवीन अग्रवाल ने खसरे की ऑनलाइन नकल अपडेट नहीं होने से हो रही परेशानी को लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि आवेदन देने के 14 माह बाद भी राजस्व रिकॉर्ड ऑनलाइन अपडेट नहीं किया गया, जिससे विभिन्न शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, खसरा नंबर 173, हल्का नंबर 20 के ऑनलाइन अपडेट के लिए 6 मई 2025 को तहसील कार्यालय रहटगांव में आवेदन प्रस्तुत किया गया था। इसके बावजूद अब तक रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज नहीं किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, एसडीएम कार्यालय से 28 अप्रैल 2026 को संबंधित फाइल तहसील रहटगांव भेज दी गई थी, लेकिन तहसील कार्यालय में फाइल उपलब्ध नहीं होने की बात कही जा रही है। इसके कारण खसरे की ऑनलाइन नकल प्राप्त नहीं हो पा रही है और आवश्यक शासकीय कार्यों में लगातार परेशानी आ रही है। नवीन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 181 पर शिकायत क्र 35816795 दर्ज कर शीघ्र निराकरण की मांग की है। सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत की स्थिति वर्तमान में कार्रवाई प्रचलित तथा निराकरण अधिकारी द्वारा कार्रवाई जारी दर्शाई जा रही है। शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर खसरे का ऑनलाइन रिकॉर्ड शीघ्र अपडेट कराने की मांग की है, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

2 Views

Leave a Reply