प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के पीछे खुले पड़े ड्रेनेज पाइप, चोरी और क्षति का खतरा

अनोखा तीर, मसनगांव। करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन में निर्माण संबंधी खामियां सामने आने लगी हैं। भवन के पीछे ड्रेनेज पाइपों को ढंकने के लिए डाली गई मिट्टी बारिश के दौरान बह जाने से पाइप पूरी तरह खुले पड़ गए हैं। इससे पाइपों के क्षतिग्रस्त होने, चोरी होने या असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण गणेश मुकाती, अरुण मालवीय और राकेश पाटिल ने बताया कि पहले ड्रेनेज पाइप खुले होने पर संबंधित ठेकेदार से इन्हें सुरक्षित तरीके से जमीन के भीतर दबाने की मांग की गई थी। इसके बाद ठेकेदार ने पाइपों पर मिट्टी डालकर उन्हें ढंक दिया था, लेकिन बारिश में मिट्टी बह जाने से सभी पाइप दोबारा बाहर आ गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में ड्रेनेज व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. राजेंद्र ओनकर ने बताया कि ड्रेनेज पाइपों को ढकने के लिए ठेकेदार को पत्र लिखकर आवश्यक सुधार कराने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने बताया कि भवन के कुछ स्थानों पर पानी रिसने की शिकायत भी सामने आई थी, जिसे केमिकल लगाकर फिलहाल बंद कर दिया गया है।
मुख्य द्वार के आसपास बनी दलदल की स्थिति
स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य प्रवेश द्वार के आसपास बारिश के कारण कीचड़ और दलदल की स्थिति बनी हुई है। इससे मरीजों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों को अस्पताल पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि भवन के सामने पेवर ब्लॉक लगाकर परिसर को व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को आवागमन और बैठने की बेहतर सुविधा मिल सके। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से शीघ्र कार्रवाई कर भवन परिसर की सभी कमियों को दूर कराने की मांग की है।

0 Views

Leave a Reply