अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को भिंड जिले में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत जुलाई माह की सहायता राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग विवेक शर्मा ने बताया कि हरदा जिले की 91,015 पात्र लाड़ली बहनों के बैंक खातों में 1,500 रुपये प्रति हितग्राही की दर से कुल 13 करोड़ 65 लाख 22 हजार 500 रुपये की राशि अंतरित की गई। योजना के माध्यम से महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला एवं परियोजना स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में भिंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारी, परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में लाड़ली बहना योजना की हितग्राही महिलाएं उपस्थित रहीं। महिला एवं बाल विकास विभाग, हरदा द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि सभी पात्र हितग्राही महिलाओं को समय पर योजना का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल है।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की राशि 91,015 हितग्राहियों के खातों में अंतरित

9 Views

