अनोखा तीर, मसनगांव। ग्राम के मुख्य बाजार स्थित सिराली मार्ग तिराहे पर बारिश के बाद जलभराव की समस्या एक बार फिर लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। स्टेट हाईवे के किनारे और पीडब्ल्यूडी सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ रहा है। इससे आवागमन प्रभावित होने के साथ दुकानदारों, ग्राहकों और राहगीरों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य बाजार होने के कारण इस मार्ग से दिनभर दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहनों का आवागमन रहता है। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालक उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाते, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वहीं तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण गड्ढों का पानी सड़क किनारे स्थित दुकानों तक उछल जाता है, जिससे दुकानदारों और ग्राहकों के कपड़े खराब हो जाते हैं। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को भी कीचड़ और जलभराव के कारण परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण रोहित भायरे, मुकेश पटवारे, राजा पाटिल, सुरेंद्र नायरे और मुन्ना टेलर ने बताया कि मुख्य सड़क के किनारे वर्षों से गहरा गड्ढा बना हुआ है। बारिश के मौसम में यह छोटे तालाब का रूप ले लेता है और उसमें जमा पानी करीब चार माह तक बना रहता है। इससे गंदगी फैलती है, मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है और छोटे वाहन चालक कई बार गिरकर चोटिल भी हो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पहले जनसहयोग से मिट्टी और मुरम डालकर गड्ढे को भरने का प्रयास किया गया था, लेकिन कुछ ही दिनों में मिट्टी धंस गई और समस्या फिर जस की तस हो गई। इसके बाद भी संबंधित विभाग ने स्थायी समाधान नहीं किया। पूर्व सरपंच योगेश पाटिल ने बताया कि इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शिकायत की गई थी। विभाग के एसडीओ ने बताया कि संबंधित सड़क एमपीआरडीसी के अधीन है, इसलिए इसकी मरम्मत और रखरखाव की जिम्मेदारी उसी विभाग की है। विभागों के बीच जिम्मेदारी तय नहीं होने का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल गड्ढों की मरम्मत कर सड़क किनारे समुचित जल निकासी की व्यवस्था करे तथा सड़क का स्थायी सुधार कराया जाए, ताकि मुख्य बाजार क्षेत्र में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके और बारिश के दौरान दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो।
मुख्य बाजार में जलभराव से राहगीर और दुकानदार परेशान

0 Views



