कलेक्टर ने नर्मदा के तटवर्ती ग्रामों का किया निरीक्षण

-बाढ़ व अतिवृष्टि के दौरान पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखने के दिए निर्देश

अनोखा तीर, हंडिया। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने गुरुवार को जिले के हंडिया, मनोहरपुरा, जुगरिया एवं सुरजना गांवों में पहुंचकर नर्मदा के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को बाढ़ अथवा अतिवृष्टि की स्थिति में पुख्ता सुरक्षा इंतजाम रखने के निर्देश दिए। हंडिया में नर्मदा नदी में संचालित नावों में लाइफ जैकेट अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही हंडिया के नर्मदा घाट को पॉलीथिन मुक्त क्षेत्र घोषित करने तथा घाट के आसपास का अतिक्रमण हटाने के निर्देश भी दिए। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने हंडिया स्थित प्री-मैट्रिक अनुसूचित जाति कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर भोजन कक्ष एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास के कमरों की मरम्मत कराने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही छात्रावास परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा छात्रावास के सामने सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत को निर्देशित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी की ऑनलाइन व्यवस्था शुरू करने के निर्देश दिए तथा अस्पताल के वार्डों का भी निरीक्षण किया। यहां आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए आयोजित साइबर सुरक्षा प्लस प्रशिक्षण में शामिल होकर उन्होंने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं। ग्राम जुगरिया में उन्होंने किसान मनोज सिराही एवं कैलाश घनेरिया के खेतों में पहुंचकर रेज्ड बेड सिस्टम से बोई गई सोयाबीन फसल का अवलोकन किया तथा इस पद्धति से होने वाले लाभों की जानकारी ली। किसानों द्वारा जुगरिया से रिजगांव नहर पर निर्मित लोक निर्माण विभाग की सड़क के शोल्डर नहीं भरे जाने की शिकायत पर मौके पर मौजूद विभाग के उपयंत्री को शोल्डर भरने के निर्देश दिए। साथ ही जुगरिया-मनोहरपुरा-अजनई मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के डायवर्जन मार्ग पर आवश्यक सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए। ग्राम मनोहरपुरा में संचालित प्राथमिक शाला में प्रकाश व्यवस्था नहीं होने पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सुरजना में आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर टीएचआर वितरण की जानकारी ली तथा उचित मूल्य की दुकान से राशन वितरण व्यवस्था के संबंध में ग्राम सरपंच से जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान एसडीएम हरदा अशोक डेहरिया, डिप्टी कलेक्टर असवनराम चिरामन, तहसीलदार हंडिया विरेन्द्र उइके सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

0 Views

Leave a Reply