कलेक्टर ने जनसुनवाई में सुनीं नागरिकों की समस्याएं

बैतूल कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रातः 11 बजे से आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं ध्यान पूर्वक सुनीं। जनसुनवाई के दौरान राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्राप्त हुई। इस दौरान उन्होंने कई प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर ही निराकरण कराया, वहीं शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में प्रभातपट्टन तहसील के ग्राम गोधना निवासी हेमराज ने अनावेदकों द्वारा खेत में आने जाने के लिए रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन तहसीलदार को जांच कर आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट, संयुक्त कलेक्टर श्री मकसूद अहमद ने भी नागरिकों की समस्याएं सुनी। इस अवसर पर सभी विभागीय अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।
कब्जे की भूमि दिलवाने के निर्देश
जनसुनवाई में ग्राम कोयलारी निवासी प्रभाकर धानेकर ने भूमि के नक्शे में सुधार एवं सीमांकन कराए जाने के लिए आवेदन दिया, प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने नायब तहसीलदार झल्लार को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम तिवरखेड निवासी सहदेव ने खेत में रिटर्निंग वॉल बनाने के लिए आवेदन दिया, जिस पर कलेक्टर ने प्रभात पट्टन जनपद पंचायत सीईओ को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। भैंसदेही तहसील के ग्राम जावरा महतपुर निवासी संतोष वरकड़े द्वारा कब्जे की भूमि दिलवाने के आवेदन पर कलेक्टर ने तहसीलदार भैंसदेही को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में बैतूल तहसील के ग्राम सावंगी निवासी गुलाबराव पाटणकर द्वारा करंजी नाले की दीवाल का मटेरियल उठाने और उनके खेत में जाने का रास्ता दुरुस्त कर नई दीवाल का सही जगह निर्माण करने के आवेदन पर कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी ईई को तत्काल आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। बैतूल के बडोरा निवासी हरिभाऊ पवार सहित अन्य वार्ड वासियों ने मोहल्ले में पानी की समस्या और सड़क निर्माण के लिए आवेदन दिया, जिस पर अपर कलेक्टर ने जनपद सीईओ बैतूल को जांच कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम देवगांव निवासी शेख खालिद अहमद द्वारा नौकरी दिलवाने के आवेदन पर कलेक्टर ने रोजगार अधिकारी को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में हिवरखेड़ निवासी विश्वनाथ धोटे ने जल जीवन मिशन के ठेकेदार द्वारा समय पर मरम्मत नहीं कराए जाने की शिकायत पर कलेक्टर ने पीएचई ईई को आवेदक की समस्या के निराकरण के निर्देश दिए।





